हिसार कोर्ट परिसर में ट्रांसजेंडरों व युवकों के बीच खूनी झड़प, कई घायल
दोनों पक्षों ने लगाए एक-दूसरे पर गंभीर आरोप, घायल बोले, हमें भी अपनी मर्जी
से जीने का अधिकार
हिसार, 03 अगस्त (हि.स.)। जिला अदालत परिसर में सोमवार दोपहर ट्रांसजेंडर समुदाय
और कुछ युवकों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के दौरान एक ट्रांसजेंडर
पर कथित रूप से तेजधार हथियार से हमला किया गया, जबकि दोनों पक्षों के अन्य लोग भी
घायल हुए। सभी घायलों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल के आपातकालीन विभाग में भर्ती
कराया गया। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
घायलों के अनुसार वे अपनी मांगों को लेकर उपायुक्त व पुलिस अधीक्षक से मिलने
के लिए लघु सचिवालय पहुंचे थे। उनका आरोप है कि जब वे अदालत परिसर से गुजर रहे थे,
तभी बड़ी संख्या में कुछ ट्रांसजेंडर वहां पहुंच गए और कहासुनी के बाद विवाद शुरू हो
गया। आरोप है कि इसी दौरान मारपीट हुई और एक ट्रांसजेंडर पर तेजधार हथियार से हमला
कर दिया गया। झड़प में दो-तीन अन्य युवक भी घायल हो गए।
घायलों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के दौरान दो युवकों को जबरन अपने साथ ले
जाया गया। हालांकि इस संबंध में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की
गई है।घायल पक्ष का कहना है कि वे अपनी पहचान और जीवनशैली के साथ सम्मानपूर्वक जीना
चाहते हैं। उनका कहना है कि वे बधाई मांगने का काम नहीं करते और अपनी मर्जी से जीवन
जी रहे हैं।
उनका आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा उन्हें महिलाओं के कपड़े पहनने और श्रृंगार
करने से रोका जा रहा है, जबकि उन्हें भी अपनी पसंद के अनुसार जीवन जीने का अधिकार है।
इसी मांग को लेकर वे प्रशासनिक अधिकारियों से मिलने पहुंचे थे। दूसरे पक्ष का आरोप
है कि कुछ लोग खुद को ट्रांसजेंडर बताकर बधाई मांगते हैं और नकली पहचान के जरिए शहर
का माहौल खराब कर रहे हैं।पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। दोनों पक्षों के
बयान दर्ज किए जा रहे हैं और अस्पताल में भर्ती घायलों की चिकित्सकीय रिपोर्ट के आधार
पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

