हिसार–इशरवाल रोडवेज बस के चालक व परिचालक पर हमला
सरकारी कार्य में बाधा, कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी
हिसार, 03 अगस्त (हि.स.)। हिसार–इशरवाल रूट पर चलने वाली हरियाणा रोडवेज की बस में ड्यूटी
के दौरान चालक और परिचालक पर कथित रूप से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप
है कि साेमवार काे भर्री गांव के कुछ असामाजिक तत्वों ने बस में चढ़कर चालक एवं परिचालक के साथ
अभद्र व्यवहार किया, मारपीट की, जान से मारने का प्रयास किया और भविष्य में गंभीर परिणाम
भुगतने की धमकी दी। इस दौरान सरकारी कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई, जिससे बस में सवार
यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।
घटना के बाद चालक और परिचालक ने मंगाली पुलिस चौकी में लिखित शिकायत देकर आरोपियों
के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में मारपीट, सरकारी कार्य में
बाधा पहुंचाने और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा संघर्ष समिति ने इस हमले की कड़े शब्दों में
निंदा की है। समिति का कहना है कि ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मचारियों के साथ इस प्रकार
की हिंसा और अभद्रता किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। संगठन ने कहा कि
चालक-परिचालक यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने का दायित्व निभाते हैं और
उनके साथ इस तरह की घटनाएं पूरे परिवहन तंत्र के लिए चिंता का विषय हैं।
समिति ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि शिकायत के आधार पर
सभी आरोपियों के खिलाफ तुरंत मुकदमा दर्ज कर उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
साथ ही भविष्य में रोडवेज कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए,
ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। रोडवेज कर्मचारी संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द निष्पक्ष और
प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो कर्मचारी आंदोलन करने को विवश होंगे। संगठन ने स्पष्ट
किया कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन
की होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

