home page

पलवल में पुरानी रंजिश में दंपती पर हमला, गर्भवती से मारपीट, गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत का आरोप

 | 

पलवल, 16 मार्च (हि.स.)। जिले के हथीन थाना क्षेत्र के अंधरौला गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक और उसकी ढाई माह की गर्भवती पत्नी के साथ बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि आरोपियों की मारपीट के कारण महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने पति की शिकायत पर 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हथीन थाना प्रभारी हरी किशन ने सोमवार को बताया कि इस संबंध में अंधरौला गांव निवासी जावेद अख्तर ने पुलिस काे शिकायत दी है। उसने शिकायत में बताया कि सुबह वह बाइक से अपनी दुकान पर जा रहा था। रास्ते में जयंती मोड़ के पास सद्दीक, सलीम, साबिर, सहाबुद्दीन, मौइम, सादिक, जफर, साहिल, परवेज, सोहिल और सावेज ने उसका रास्ता रोक लिया।

पीड़ित के अनुसार आरोपियों के हाथों में लाठी, डंडे, सरिया और फरसा जैसे हथियार थे। उन्होंने जावेद को बाइक से नीचे गिराकर सरिए और फरसे से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। किसी तरह जावेद घायल अवस्था में अपने घर पहुंचा, लेकिन आरोपी उसके पीछे-पीछे घर में घुस आए।

जब जावेद की पत्नी माफिया ने उसे बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट शुरू कर दी। शिकायत में बताया गया है कि माफिया ढाई माह की गर्भवती थी और आरोपियों ने उसके पेट पर लात-घूंसों और लाठियों से वार किए।

जावेद का आरोप है कि इस मारपीट के कारण उसकी पत्नी के गर्भ में पल रहे बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए हथीन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगे के इलाज के लिए नल्हड़ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।

हथीन थाना पुलिस ने जावेद अख्तर की शिकायत के आधार पर सभी 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग