home page

पलवल: एसपीएस इंटरनेशनल पलवल की स्पोर्ट्स मीट में दिखा खिलाड़ियों का दमखम

 | 
पलवल: एसपीएस इंटरनेशनल पलवल की स्पोर्ट्स मीट में दिखा खिलाड़ियों का दमखम


पलवल, 05 नवंबर (हि.स.)। एसपीएस इंटरनेशनल में आयोजित पांचवीं वार्षिक अंतरविद्यालय खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। कबड्डी, वॉलीबॉल सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस अवसर पर आयोजित भव्य उद्घाटन समारोह में हरियाणा सरकार के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।

समारोह में ओलंपिक पदक विजेता एवं पद्मश्री सम्मानित पहलवान योगेश्वर दत्त, पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता नवदीप सिंह, अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित पैरालंपिक स्वर्ण पदक विजेता सुमित अंतिल और राष्ट्रमंडल खेलों के पदक विजेता मुक्केबाज जितेंद्र कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रतिष्ठित खिलाड़ियों की मौजूदगी ने विद्यार्थियों में विशेष उत्साह भर दिया।

खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने कहा कि उनका सपना है कि पलवल की धरती से ऐसे खिलाड़ी निकलें, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए ओलंपिक में पदक जीतें। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर देती हैं। खेल बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष करने की भावना विकसित करते हैं। हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना बनाए रखना ही सच्चे खिलाड़ी की पहचान है।

विद्यालय के चेयरमैन सुरेश भारद्वाज ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। खेलों से बच्चों में टीम भावना, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। अकादमिक निदेशक डॉ. पुष्पेंद्र सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में शारीरिक शिक्षा, योग और खेलों को विशेष महत्व दिया गया है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता के बढ़ते दौर में विद्यार्थियों का शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक विकास भी आवश्यक है।

उल्लेखनीय है कि 3 से 6 नवंबर तक आयोजित इस चार दिवसीय प्रतियोगिता में 150 से अधिक विद्यालयों के लगभग 2500 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। वर्ष 2022-23 में पहले संस्करण में 22 विद्यालयों ने भाग लिया था। इस बार प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, योग, ताइक्वांडो, वॉलीबॉल, कुश्ती और एथलेटिक्स सहित सात खेल शामिल हैं। एसपीएसआई कप-2026 के लिए एसपीएस इंटरनेशनल और मॉडर्न स्कूल, फरीदाबाद के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा बनी हुई है। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने के साथ राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिल रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग