हिसार : पंकज शर्मा ने उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबन्धक का कार्यभार ग्रहण किया
हिसार, 01 जुलाई (हि.स.)। पंकज शर्मा ने उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबन्धक
(भारतीय रेल मैनजमेंट सर्विस आईआरएमएस) के पद पर बुधवार को कार्यभार ग्रहण कर लिया
है। इससे पूर्व श्री पंकज शर्मा रेलवे बोर्ड में प्रमुख कार्यकारी निदेशक/विद्युत विकास
के पद पर कार्यरत थे।
पंकज शर्मा भारतीय रेल इलैक्ट्रिकल इंजीनियरिंग सेवा के 1989 बैच के वरिष्ठ
अधिकारी हैं। अपने उत्कृष्ट कैरियर के दौरान पंकज शर्मा ने भारतीय रेलवे के महत्वपूर्ण
पदों पर सफलतापूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन किया है। पंकज शर्मा ने प्रमुख कार्यकारी
निदेशक/विद्युत विकास, रेलवे बोर्ड, वरिष्ठ उपमहाप्रबंधक एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी,
पश्चिम मध्य रेलवे, मण्डल रेल प्रबन्धक, कोटा- पश्चिम मध्य रेलवे, मुख्य इलैक्ट्रिकल
इंजीनियर (निर्माण) तथा मुख्य इलैक्ट्रिकल ट्रेक्शन इंजीनियर, उत्तर रेलवे जैसे महत्वपूर्ण
पदों पर सफलतापूर्वक कार्य किया है।
पंकज शर्मा ने मंडल रेल प्रबंधक, कोटा के पद पर भारतीय रेल के सबसे महत्वपूर्ण
माल एवं यात्री परिचालन वाले मंडलों में से एक का नेतृत्व किया। पंकज शर्मा ने कोरोना
महामारी जैसी वैश्विक चुनौती के दौरान दूरदर्शी, सक्षम एवं ऊर्जावान नेतृत्व से विषम
परिस्थितियों के बीच भी रेल संचालन को प्रभावी एवं निर्बाध बनाए रखने में अहम भूमिका
का निर्वहन किया। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने मिशन रफ्तार के अंतर्गत कोटा मंडल
में प्रस्तावित सभी कार्यों की व्यापक पहचान, तकनीकी मूल्यांकन तथा प्राथमिकता निर्धारण
सुनिश्चित किया। इन कार्यों के समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समग्र योजना
तैयार की गई, जिससे विभिन्न रेल खंडों पर गति वृद्धि, परिचालन क्षमता में सुधार तथा
समग्र परिचालन दक्षता को नई दिशा प्राप्त हुई।
पंकज शर्मा ने रेलवे बोर्ड में प्रमुख कार्यकारी निदेशक (विद्युत विकास) के
रूप में कार्य करते हुए रोलिंग स्टॉक, ट्रैक्शन प्रौद्योगिकी तथा रेलवे आधुनिकीकरण
से जुड़ी अनेक राष्ट्रीय महत्व की परियोजनाओं का नेतृत्व किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

