home page

सोनीपत: सड़क पर टक्कर के विवाद में गोली मारकर सहायक प्रबंधक की हत्या

 | 
सोनीपत: सड़क पर टक्कर के विवाद में गोली मारकर सहायक प्रबंधक की हत्या


सोनीपत, 11 नवंबर (हि.स.)। सोनीपत के गोहाना क्षेत्र में जम्मू-कटरा एक्सप्रेस वे पर बुधवार

तड़के सड़क पर हुई कहासुनी के बाद कपड़ा शोरूम के सहायक प्रबंधक की हत्या

कर दी गई। पीछे से कार को टक्कर मारकर भाग रहे वाहन सवार युवकों को रोककर कारण पूछना

दो कार सवारों को भारी पड़ गया। आरोप है कि इसी दौरान दूसरी गाड़ी में सवार युवकों

ने गोली चला दी।

गोली लगने से रोहतक निवासी प्रह्लाद गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें

पीजीआई रोहतक ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद हमलावर

मौके से फरार हो गए। रोहतक के तिलक नगर निवासी प्रह्लाद एक कपड़ा शोरूम में सहायक

प्रबंधक थे। मंगलवार को वह अपने साथी कर्मवीर के साथ कैथल में नए कपड़ा शोरूम के उद्घाटन

कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम खत्म होने के बाद दोनों देर रात कार से

रोहतक लौट रहे थे। रात करीब ढाई बजे जम्मू-कटरा एक्सप्रेस वे पर उनकी कार को पीछे से

एक अन्य वाहन ने टक्कर मार दी। चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद

दोनों ने पीछा कर रुखी और आहुलाना गांव के बीच वाहन को रुकवा लिया।

दोनों कार से नीचे उतरे और टक्कर मारने का कारण पूछा। इसी

बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि दूसरी गाड़ी में सवार युवकों ने गोली चला दी।

एक गोली प्रह्लाद की बाजू में लगी और वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद हमलावर गाड़ी लेकर

फरार हो गए। कर्मवीर घायल प्रह्लाद को पीजीआई रोहतक ले गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें

मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच शुरू की।

पुलिस अधिकारी के अनुसार, बुधवार अलसुबह सोनीपत पुलिस कंट्रोल

रूम को रोहतक पुलिस से घटना की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में मामला रोड रेज का

सामने आया है। पुलिस को अभी तक पुरानी रंजिश की जानकारी नहीं मिली है। मृतक के साथी

ने बताया कि दोनों ने शराब का सेवन किया हुआ था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्रह्लाद

को एक ही गोली लगी थी।

मोहाना के एसीपी देवेंद्र कुमार ने बताया कि बरोदा थाना पुलिस

मामले की जांच कर रही है। घटना रुखी टोल से कुछ पहले हुई थी। सीसीटीवी फुटेज की मदद

से हमलावरों के वाहन की पहचान कर ली गई है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, आरोपी गाड़ी में

सवार थे। वाहन की तलाश और आरोपियों की पहचान के लिए सीआईए तथा बरोदा थाना पुलिस की

टीमें जुटी हैं। अभी तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस गोली चलने की परिस्थितियों

और वारदात के पीछे के कारणों की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना