home page

विधानसभा स्पीकर ने करनाल में मिला सरकारी आवास छोड़ा

 | 
विधानसभा स्पीकर ने करनाल में मिला सरकारी आवास छोड़ा


मधुबन पुलिस अकादमी से सरकार ने अलॉट किया था आवास

चंडीगढ़, 28 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष को करनाल जिले में स्थित मधुबन पुलिस अकादमी कांप्लेक्स में अलॉट किए गए सरकारी आवास को लेने से इनकार कर दिया है। स्पीकर ने इस संबंध में हरियाणा सरकार को पत्र लिखकर मकान अलाट करने की प्रक्रिया को समाप्त करने के लिए कहा है।

हरियाणा विधानसभा के स्पीकर घरौंडा विधानसभा हलके से विधायक हैं। कुटेल गांव में उनका अपना फार्म हाउस है। यह फार्म हाउस करीब 70 साल पुराना हो चुका है। जिसके नवीनीकरण के चलते पिछले दिनों कल्याण ने मुख्यमंत्री नायब सैनी के समक्ष यह मामला उठाया था।

कल्याण रेस्ट हॉउस या अन्य कोई जगह चाहते थे। मुख्यमंत्री ने स्पीकर की मांग को स्वीकार करते हुए मधुबन पुलिस अकादमी कांप्लैक्स में हाउस नंबर-2 आवंटित कर दिया। हरविंद्र कल्याण के पास चंडीगढ़ में पहले से ही एक सरकारी आवास है। दूसरा आवास अलाट होते ही कई पेचीदगी सामने आ गई।

इस बीच स्पीकर हरविंद्र कल्याण ने मुख्यमंत्री नायब सैनी को पत्र लिखकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सहयोगपूर्ण पहल के लिए आभार जताते हुए कहा कि पुलिस कॉम्प्लेक्स में आवासीय उपयोग के लिए आवंटित मकान को स्वीकार करना उनके लिए उचित नहीं होगा। विधानसभा अध्यक्ष जैसे संवैधानिक पद पर रहते हुए संस्थागत व्यवस्था और प्रशासनिक अनुशासन को प्राथमिकता है।

मधुबन पुलिस कॉम्प्लेक्स मूल रूप से पुलिस विभाग की गतिविधियों और अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए निर्धारित परिसर है। ऐसे में उनका वहां बतौर विधानसभा अध्यक्ष निवास करना पुलिस परिसर की सामान्य कार्यप्रणाली और अनुशासन पर प्रभाव डाल सकता है। कल्याण का मानना है कि उनके पद और सार्वजनिक दायित्वों के कारण उनकी मौजूदगी से पुलिस कॉम्प्लेक्स में अनावश्यक प्रोटोकॉल या व्यवस्थागत बदलाव की स्थिति बन सकती है। उनका तर्क है कि संवैधानिक पद पर बैठे किसी व्यक्ति के लिए पुलिस कॉम्प्लेक्स में आवास की व्यवस्था को सामान्य उदाहरण नहीं बनना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा