हिसार : संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाएगी बहुजन समाज पार्टी
हिसार एवं बरवाला विधानसभा समीक्षा बैठक आयोजित
हिसार, 07 अगस्त (हि.स.)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के जिला कार्यालय में हिसार
एवं बरवाला विधानसभा की संयुक्त समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में संगठन की
मजबूती, बूथ स्तर तक विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा प्रदेश की कानून व्यवस्था
सहित विभिन्न समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह धानिया उपस्थित
रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में संजय महंच, लोकसभा जोन प्रभारी, बसपा हरियाणा ने
भाग लिया। बैठक में जिला कोषाध्यक्ष डॉ. मुकेश संभरवाल, हिसार विधानसभा अध्यक्ष दलबीर
सिंह फौजी तथा बरवाला विधानसभा अध्यक्ष रणबीर सिंह दहिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक की अध्यक्षता दलबीर सिंह फौजी एवं रणबीर सिंह दहिया ने संयुक्त रूप से की। बैठक
के प्रारंभ में बसपा विधायक उमाशंकर जी के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया
तथा उनकी पावन स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में हिसार एवं बरवाला विधानसभा की कार्यकारिणी के पदाधिकारियों, सेक्टर
प्रभारियों, बीएलए-2 पदाधिकारियों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस
दौरान संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक सेक्टर में संगठनात्मक
ढांचे को शीघ्र पूर्ण करने तथा सेक्टर एवं बीएलए-2 के गठन का कार्य तेज गति से पूरा
करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं से संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान
और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का आह्वान
किया गया।
प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह धानिया ने कहा कि मजबूत संगठन ही बहुजन समाज पार्टी
की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ बूथ स्तर तक संगठन
को सक्रिय बनाने, अधिक से अधिक लोगों को पार्टी की विचारधारा से जोडऩे तथा जनता के
बीच निरंतर संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह धानिया ने संगठनात्मक अनुशासन पर विशेष बल देते
हुए कहा कि संगठन में किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता अथवा मनमानी किसी भी स्तर पर
स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सरकार से मांग
की कि सभी आपराधिक मामलों में शामिल अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए
तथा प्रदेश में कानून व्यवस्था को प्रभावी और सुदृढ़ बनाया जाए, ताकि आम जनता और व्यापारियों
में सुरक्षा का विश्वास बहाल हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

