home page

एशियन गेम्स विजेता खिलाड़ियाें का भिवानी में होगा सम्मान समारोह

 | 

-मुख्यमंत्री 128 खिलाडिय़ों को देंगे 185 करोड़

चंडीगढ़, 29 अक्टूबर (हि.स.)। हालही में संपन्न हुए एशियन व पैरा एशियन गेम्स के पदक विजेताओं पर हरियाणा सरकार अब धन वर्षा करेगी। मिनी क्यूबा के नाम से प्रसिद्ध भिवानी के भीम स्टेडियम में 30 अक्टूबर को एशियन और पैरा एशियन गेम्स के पदक विजेता व प्रतिभागी खिलाडिय़ों का राज्यस्तरीय सम्मान समारोह होगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 128 खिलाडिय़ों को करीब 185 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि देंगे। इनमें एशियन गेम्स के 91 खिलाडिय़ों को 133 करोड़ और पैरा एशियन गेम्स के 37 खिलाडिय़ों को 52 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।

समारोह में खिलाडिय़ों के सम्मान के साथ महिला सर्कल कबड्डी मैच और दौड़ प्रतियोगिताएं भी होंगी। भीम स्टेडियम में मुख्यमंत्री प्रदेशभर के एशियन व पैरा एशियन गेम्स के खिलाडिय़ों को सम्मानित करेंगे,उसका काफी लंबा इतिहास रहा है। भीम स्टेडियम में प्रैक्टिस करके कई खिलाड़ी विदेशों तक भारत का तिरंगा ऊंचा कर चुके हैं।

एशियन गेम्स में हरियाणा से 14 खिलाडिय़ों ने स्वर्ण, 9 खिलाडिय़ों ने रजत और 9 खिलाडिय़ों ने कांस्य पदक हासिल किए हैं। सरकार स्वर्ण पदक विजेताओं को 3 करोड़ रुपए, रजत पदक विजेताओं को डेढ़ करोड़ रुपए और कांस्य पदक विजेताओं को 75 लाख रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी। सभी प्रतिभागी खिलाडिय़ों को साढ़े 7 लाख रुपए की पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी।

प्रदेश से एशियन खेलों में कुल 91 खिलाडिय़ों ने भाग लिया था, जिनको 133 करोड़ रुपए पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। वहीं सम्मान समारोह के दौरान पैरा खेलों में 9 स्वर्ण, 9 रजत और 14 कांस्य पदक विजेता खिलाडिय़ों को भी सम्मानित किया जाएगा। पैरा खेलों में कुल 37 खिलाडिय़ों को 52 करोड़ रुपए की राशि पुरस्कार स्वरूप प्रदान की जाएगी। सम्मान समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा विजेता व प्रतिभागी खिलाडिय़ों को करीब 185 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि दी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा