एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाडिय़ों ने बढ़ाया देश का मान : गौरव गौतम
रोहतक की सुचिका व जींद के हिमांशु ने रचा इतिहास, हॉकी में दीपिका का रहा शानदार प्रदर्शन
चंडीगढ़, 22 सितंबर (हि.स.)। जापान में चल रहे एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाडिय़ों के शानदार प्रदर्शन पर हरियाणा सरकार के खेल एवं युवा अधिकारिता राज्य मंत्री गौरव गौतम ने खिलाडिय़ों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी अपनी मेहनत, प्रतिभा और जज्बे के दम पर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। खिलाडिय़ों की इन उपलब्धियों से पूरे हरियाणा में उत्साह और गर्व का माहौल है।
खेल मंत्री ने कहा कि हरियाणा हमेशा से देश को बेहतरीन खिलाड़ी देने वाला प्रदेश रहा है। प्रतियोगिता के मुकाबलों में रोहतक की सुचिका तारियाल ने मिक्स्ड मार्शल आट्र्स (एमएमए) में भारत के लिए ऐतिहासिक कांस्य पदक हासिल किया है, जो एमएमए के एशियन गेम्स में शामिल होने के बाद भारत का पहला पदक है। सुचिका ने अपने शानदार प्रदर्शन से न केवल देश का मान बढ़ाया है बल्कि हरियाणा की खेल प्रतिभा का भी लोहा मनवाया है। वहीं, जींद के निशानेबाज हिमांशु ढिल्लों ने अपने जन्मदिन को देश के लिए यादगार बनाते हुए निशानेबाजी में दो रजत पदक अपने नाम किए हैं। उनकी इस उपलब्धि पर खेल मंत्री ने कहा कि हिमांशु ने यह साबित कर दिया है कि हरियाणा के युवा किसी भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाने की क्षमता रखते हैं।
हरियाणा की हॉकी खिलाड़ी दीपिका सहरावत ने भी एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय महिला हॉकी टीम के मुकाबले में अकेले 8 गोल दागे हैं, जिसे भारतीय हॉकी के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। खेल मंत्री गौरव गौतम ने सभी खिलाडिय़ों को बधाई देते हुए कहा कि खिलाडिय़ों की सफलता के पीछे उनके परिवार, प्रशिक्षकों और वर्षों की कड़ी मेहनत का महत्वपूर्ण योगदान है।
मंत्री ने बताया कि मिशन ओलंपिक 2036 के तहत हरियाणा में खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाडिय़ों का यह प्रदर्शन प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा और उम्मीद है कि आगामी मुकाबलों में भी खिलाड़ी देश के लिए और पदक जीतेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

