फालोअप--- सोनीपत में दिनदहाड़े ज्वेलर्स लूट के तीन और आरोपी मुठभेड़ बाद गिरफ्तार
सोनीपत, 02 अगस्त (हि.स.)। सोनीपत
के खरखौदा में दिनदहाड़े ज्वेलर्स की दुकान में सेल्समैन की आंखों में मिर्च झोंककर
चांदी के गहने लूटने के मामले में पुलिस ने रविवार काे फरार तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
कर लिया, जबकि एक आरोपी वारदात के समय ही लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया सामान, वारदात में इस्तेमाल कार बरामद कर ली
है। मामले में अन्य आपराधिक घटनाओं से जुड़े सुराग भी जुटाए जा रहे हैं।
शनिवार
सुबह रतन मार्केट स्थित सांवरियां ज्वेलर्स पर दो युवक ग्राहक बनकर पहुंचे और चांदी
की चेन व ब्रेसलेट दिखाने के बहाने सेल्समैन भोला की आंखों में मिर्च डाल दी। इसके
बाद गहनों से भरा बॉक्स लेकर फरार हो गए। शोर सुनकर दुकान मालिक और आसपास के दुकानदारों
ने पीछा किया। इस दौरान एक आरोपी मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि उसके तीन साथी पहले
से खड़ी कार में बैठकर भाग निकले। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई।
पकड़े
गए आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने फरार साथियों की तलाश शुरू की। क्राइम यूनिट खरखौदा
को सूचना मिली कि तीनों आरोपी एनसीआर वाटर चैनल के पास मौजूद हैं। पुलिस ने घेराबंदी
की तो मुख्य आरोपी सागर ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी
कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। इसके बाद सागर के साथ अनुज और लक्ष्य को भी गिरफ्तार
कर लिया गया।
घायल आरोपी को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना
की सूचना पर डीसीपी नरेंद्र कादियान, एसीपी जोगिंद्र शर्मा और थाना प्रभारी अनिल कुमार
मौके पर पहुंचे। डीसीपी नरेंद्र कादियान ने बताया कि मुख्य आरोपी सागर ने कई दिनों
तक दुकान की रेकी की थी और वारदात के लिए सेल्फ ड्राइव पर कार किराये पर ली थी। पुलिस
यह भी जांच कर रही है कि इसी कार का इस्तेमाल अन्य आपराधिक मामलों में तो नहीं हुआ।
उन्होंने बताया कि सागर के खिलाफ सोनीपत, करनाल और उत्तर प्रदेश में लूट, डकैती, छीना-झपटी
और चोरी के कई मामले दर्ज हैं। आरोपियों से पूछताछ जारी है तथा उनके अन्य साथियों और
पुरानी वारदातों के संबंध में भी जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

