home page

सोनीपत पुलिस ने नशा कर रहे 12 युवकों को उपचार दिलाया

 | 
सोनीपत पुलिस ने नशा कर रहे 12 युवकों को उपचार दिलाया


सोनीपत, 24 जुलाई (हि.स.)। सोनीपत

पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत हुड्डा पार्क से नशा कर रहे

12 युवकों को पकड़कर उपचार के लिए सिविल अस्पताल के ओएसटी (ओपिऑयड सब्स्टीट्यूशन थेरेपी)

सेंटर में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि नशे के आदी युवाओं को उपचार और पुनर्वास

से जोड़ने का अभियान लगातार जारी रहेगा।

पुलिस

के अनुसार थाना सेक्टर-27 की टीम को सूचना मिली थी कि हुड्डा पार्क में कुछ युवक खुलेआम

नशा कर रहे हैं।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी निरीक्षक सवित कुमार के नेतृत्व में पुलिस

टीम मौके पर पहुंची और सभी युवकों को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद उनकी काउंसलिंग

कराई गई तथा उन्हें नशे की लत से बाहर निकालने के उद्देश्य से सिविल अस्पताल स्थित

ओएसटी सेंटर में भर्ती कराया गया। वहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार शुरू

कराया गया।

पुलिस

आयुक्त ममता सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस का उद्देश्य केवल नशा तस्करों के खिलाफ

सख्त कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि नशे की गिरफ्त में आए युवाओं को उपचार और पुनर्वास

उपलब्ध कराकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि

आसपास कोई व्यक्ति नशे की लत से परेशान है या किसी को नशीले पदार्थों की बिक्री की जानकारी

है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी

जाएगी।

पश्चिमी

जोन के पुलिस उपायुक्त नरेंद्र कादयान के नेतृत्व में जिले में नशे के खिलाफ विशेष

अभियान लगातार चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि नशा तस्करों के साथ-साथ सार्वजनिक

स्थानों पर नशा करने वालों के विरुद्ध भी कानून के अनुसार आवश्यक कार्रवाई आगे भी जारी

रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना