home page

भाजपा ने चुनावी घोषणा पत्र की 217 में से 70 घोषाणाएं की पूरी : अर्चना गुप्ता

 | 
भाजपा ने चुनावी घोषणा पत्र की 217 में से 70 घोषाणाएं की पूरी : अर्चना गुप्ता


झूठे वादों से सत्ता हथियाने वाली आप को जनता की चिंता नहीं, आरोपों की राजनीति में व्यस्त

कांग्रेस के पास मुद्दे नहीं, इसलिए विधानसभा की मर्यादा तोडक़र समाज को बांटने का प्रयास कर रही

चंडीगढ़, 07 सितंबर (हि.स.)। हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के दौरान की गई 217 घोषणाओं में से अब तक 70 घोषणाएं पूरी की जा चुकी हैं। यह भाजपा सरकार की कार्यशैली का प्रमाण है।

सोमवार को चंडीगढ़ में पत्रकारों से बातचीत में अर्चना गुप्ता ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने भोली-भाली जनता से बड़े-बड़े वादे और घोषणाएं करके सत्ता हासिल की, लेकिन सरकार बनने के बाद जनता की समस्याओं और अपने वादों की चिंता करना भूल गई। पंजाब की जनता आज खुद को ठगा हुआ महसूस कर रही है। आने वाले विधानसभा चुनाव में पंजाब की जनता इन्हें सबक सिखाते हुए भाजपा की सरकार बनाने का काम करेगी।

उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार को इस बात की चिंता करनी चाहिए कि वह अपने प्रदेश के युवाओं को नशे के दलदल से कैसे बाहर निकाले, रोजगार के अवसर कैसे बढ़ाए और आम जनता का जीवन कैसे बेहतर बनाए। लेकिन दुर्भाग्य से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को अपने काम का हिसाब देने से ज्यादा केंद्र सरकार और दूसरी सरकारों पर आरोप लगाने की चिंता रहती है। उन्होंने कहा कि जनता अब आरोप-प्रत्यारोप नहीं, काम चाहती है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ अर्चना गुप्ता ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन गुरुओं और संत-महापुरुषों ने भारत की संस्कृति, एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, उनका अपमान करने वाली राजनीति को देश और समाज कभी स्वीकार नहीं कर सकता।

उन्होंने हरियाणा विधानसभा में हुई घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि एक दलित सिख विधायक 1984 की पीड़ा और उस दौर में सिख समाज के साथ हुए अन्याय को लेकर अपनी बात शांतिपूर्ण तरीके से रख रहे थे और कांग्रेस से माफी की मांग कर रहे थे। लेकिन कांग्रेस विधायक द्वारा उनका पर्चा छीनना न केवल विधानसभा की मर्यादा का उल्लंघन था, बल्कि यह कांग्रेस की दबंग और असहिष्णु मानसिकता को भी दर्शाता है।

पार्टी के भीतर किसी प्रकार के मतभेद के सवाल पर डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि भाजपा बंद मुट्ठी की तरह एकजुट है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ मंत्री और वरिष्ठ कार्यकर्ता के नाते राव इंद्रजीत हमारे साथ थे, हमारे साथ हैं और आगे भी संगठन के साथ मजबूती से खड़े हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा