home page

नूंह में एसआईआर के तहत 7,105 नए मतदाताओं के आवेदनों का निपटारा

 | 
नूंह में एसआईआर के तहत 7,105 नए मतदाताओं के आवेदनों का निपटारा


नूंह, 15 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में नूंह के जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त अखिल पिलानी ने जिले में एसआईआर के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए प्राप्त 7,878 आवेदनों में से 7,105 का निपटारा किया जा चुका है। वहीं, मतदाता सूची में विसंगतियों और मैपिंग संबंधी मामलों में जारी नोटिसों के आधार पर 547 मतदाताओं को अयोग्य पाया गया है।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने बताया कि एसआईआर के तहत मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, नाम हटाने और मतदाता विवरण में संशोधन के लिए प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार निपटारा किया जा रहा है। फॉर्म-6 के तहत नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए जिले में कुल 7,878 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 7,105 का निपटारा हो चुका है। शेष आवेदनों पर कार्रवाई जारी है।

उन्होंने बताया कि फॉर्म-7 के तहत मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए 556 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, फॉर्म-8 के तहत नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन के लिए 5,890 आवेदन मिले हैं, जिनमें से 5,589 का निपटारा किया जा चुका है। उपायुक्त ने बताया कि मतदाता सूची में विसंगतियों, मैपिंग नहीं होने और नामों में अंतर जैसी समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। इन मामलों में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सुनवाई कर रहे हैं, ताकि मतदाताओं के विवरण का सत्यापन किया जा सके और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने बताया कि नूंह विधानसभा क्षेत्र में 1,744 तथा फिरोजपुर झिरका विधानसभा क्षेत्र में 1,787 नोटिसों के संबंध में सुनवाई की जा रही है। इन नोटिसों के आधार पर जिले में 547 मतदाताओं को अयोग्य पाया गया है। उपायुक्त ने जिलावासियों से अपील की कि एसआईआर के तहत नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाता अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध करवाएं और सुनवाई प्रक्रिया में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची को सही एवं अद्यतन बनाए रखने के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। बैठक में एसडीएम पुनहाना अमित गुलिया, एसडीएम फिरोजपुर झिरका रूहानी, नगराधीश अप्रितम सिंह तथा नायब तहसीलदार इलेक्शन राजेंद्र हुड्डा सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया