home page

जींद : प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए तैयार जींद

 | 
जींद : प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए तैयार जींद


जींद : प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए तैयार जींद


जींद, 16 जुलाई (हि.स.)। भारत देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन के ऐतिहासिक उद्घाटन के लिए जींद तैयार है। शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद पहुंच कर हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन करने जा रहे हैं। हाइड्रोजन ट्रेन के अलावा पीएम मोदी प्रदेश को हजारों करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात भी देंगे। इस दौरे को लेकर जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद कर दी गई है। प्रशासन ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पांच हजार से अधिक पुलिस कर्मियों, अधिकारियों और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के जवानों को तैनात किया है। जींद रेलवे जंक्शन और हुडा ग्राउंड को पूरी तरह पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

पीएम के सुरक्षा दल ने पहले ही जींद में डेरा डाल लिया है। दल के सदस्यों ने रेलवे जंक्शन और हुडा ग्राउंड का जायजा लिया और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की समीक्षा की। आसपास के इलाकों में यातायात को पूरी तरह नियंत्रित कर दिया गया है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय के दौरान इन क्षेत्रों से दूर रहें। पीएम सुरक्षा को और अधिक पुख्ता करने के लिए बुधवार से सेना के हेलीकॉप्टर आसमान से नजर रखे हुए हैं।

हाइड्रोजन ट्रेन के उद्घाटन के साथ-साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरियाणा को विकास की कई बड़ी सौगातें देने वाले हैं। इनमें सड़क, रेलवे, स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि से जुड़ी हजारों करोड़ रुपये की परियोजनाएं शामिल हैं। हाइड्रोजन ट्रेन के अलावा प्रधानमंत्री इस दौरे के दौरान वर्चुअली कई अन्य बड़ी परियोजनाओं को जनता को समर्पित करेंगे। जिनमें कुरुक्षेत्र एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का उद्घाटन लागत करीब 350 करोड़, भिवानी और नारनौल के नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन, दिल्ली-जम्मू-कटरा एक्सप्रेसवे का हरियाणा वाला हिस्सा और अंबाला-काला अंब ग्रीनफील्ड कॉरिडोर तथा कुरुक्षेत्र में बनने वाले आधुनिक सिख म्यूजियम का शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं से जींद सहित पूरे हरियाणा के विकास को नई गति मिलेगी। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा