home page

मुख्यमंत्री के दौरे से पहले पुन्हाना में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान,दुकानदारों ने किया विरोध

 | 
मुख्यमंत्री के दौरे से पहले पुन्हाना में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान,दुकानदारों ने किया विरोध


नूंह, 23 जुलाई (हि.स.)। नूंह जिले के पुन्हाना में मुख्यमंत्री नायब सैनी के 25 जुलाई को प्रस्तावित दौरे से पहले प्रशासन ने नगर क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान तेज कर दिया है। गुरुवार को नगर पालिका प्रशासन ने भारी पुलिस बल और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में शहर के विभिन्न हिस्सों में अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। अभियान के दौरान कई स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया और तीन अवैध शेड भी ध्वस्त किए गए।

कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानों पर दुकानदारों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मौके पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा।

नगर पालिका के म्यूनिसिपल इंजीनियर मनीष सहरावत ने बताया कि शहर को अतिक्रमण और जाम की समस्या से मुक्त कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किया था, उन्हें पहले ही अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी गई थी। चेतावनी के बावजूद कब्जे नहीं हटाए जाने पर प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर को व्यवस्थित और सुचारु बनाने के लिए यह अभियान लगातार दो दिन तक जारी रहेगा तथा भविष्य में भी अवैध अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

वहीं दूसरी ओर, कार्रवाई से प्रभावित दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने नगर पालिका की इस कार्रवाई का विरोध किया। उनका आरोप है कि उन्हें कोई लिखित नोटिस या पर्याप्त पूर्व सूचना नहीं दी गई और बिना उचित प्रक्रिया अपनाए उनके प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई कर दी गई।

कई दुकानदारों ने बताया कि उनकी रेहड़ियां, खोखे और अस्थायी ढांचे तोड़ दिए गए, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। प्रभावित व्यापारियों का यह भी कहना है कि कुछ ऐसे प्रतिष्ठानों पर भी कार्रवाई की गई, जिन्होंने किसी प्रकार का अतिक्रमण नहीं किया था। उनका आरोप है कि इस अभियान के चलते सैकड़ों लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित हुई है और अनेक परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया