यमुनानगर : नशे के खिलाफ जागरूकतासेमिनार आयोजित हुआ
यमुनानगर, 25 मार्च (हि.स.)। जिला रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से हिन्दू गर्ल्स कॉलेज में नशा विरोधी जागरूकता सेमिनार आयोजित किया गया, जिसमें छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त प्रीति ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेते हुए युवाओं को स्वस्थ और लक्ष्य आधारित जीवन अपनाने की प्रेरणा दी। इस अवसर पर छात्राओं द्वारा तैयार की गई पेंटिंग प्रदर्शनी का अवलोकन किया गया, जबकि कॉलेज प्रशासन ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में रेडक्रॉस के पदाधिकारी, शिक्षाविद् और अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे।
उपायुक्त प्रीति ने बुधवार काे कहा कि रेडक्रॉस संस्था आपदा राहत और सामाजिक सेवा के साथ-साथ नशा उन्मूलन के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि नशा आज समाज के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है, जिसका प्रभाव व्यक्ति के साथ-साथ पूरे परिवार और सामाजिक ढांचे पर पड़ता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और समय रहते मार्गदर्शन देने की अपील की। साथ ही युवाओं को खेल, शिक्षा और कौशल विकास जैसी सकारात्मक गतिविधियों में संलग्न रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर नशे जैसी आदतों से मुक्ति पाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग राष्ट्र की प्रगति का आधार है और उन्हें नशे से दूर रहकर समाज के निर्माण में योगदान देना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने नशा विरोधी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर जागरूकता का संदेश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

