जींद : विपक्ष के लोगों के पास कोई मुद्दा व नीति नही बची : सीएम नायब सैनी
-वैश्विक संकट में भी राजनीति करने से बाज नही आ रहा विपक्ष
जींद, 05 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि जींद को काफी समय से नजरअंदाज किया जा रहा था। यहां विपक्षी दलों का एजेंडा था कि वोट लो और शोषण करो। क्षेत्र को विकास में पीछे धकेलने का काम करो। झूठे वादे कर क्षेत्रवाद को फैलाया। विकास के नाम पर कुछ नही किया। परिवारवाद में फंसे इन लोगों ने कोई काम नही किया। बस अपने बच्चों के भविष्य को ही सुरक्षित करने का काम वोट लेकर किया। भाजपा ने क्षेत्र का हक सूद समेत लौटाने का काम किया है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी रविवार को जींद में आयोजित विकास एवं धन्यवाद रैली को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि पुराना बस अड्डा पर कम्युनिटी सेंटर नियमानुसार तथा जुलानी में पशु अस्पताल बनाने की घोषणा की। सिविल अस्पताल से पांडू पिंडारा फ्लाईओवर तक रेनोवेशन साढ़े चार करोड़ से होगा। झांझ गेट मॉडल सड़क, रानी तालाब पर ऑडिटोरियम व पार्किंग, फायर स्टेशन को पुराने बस अड्डा की कर्मशाला जमीन उपलब्ध होने पर शिफ्ट करने की घोषणा की। पालिका बाजार को स्मार्ट बाजार की तर्ज पर विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के लोगों के पास कोई मुद्दा व नीति नही बची है। जब भी कोई आपदा आती है तो कांग्रेस के लोग राजनीति करना शुरू कर देते हैं। वैश्विक संकट में भी वो अपनी राजनीति कर रहे हैं और लोगों में भ्रम फैला कर गुमराह फैलाने का काम करते हैं। वो जनता को विश्वास दिलाना चाहते हैं कि हरियाणा प्रदेश में पेट्रोल्र, डीजल की कमी नही आने देंगे। जो कालाबाजारी करेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग यह कहते हैं कि सरकार कोई काम नही कर रही है। कौन से चश्मे से वो देखते हैं, जो किसी को पता नही चलता है। पिछले साढ़े 11 सालों में जींद विकास के लिए 2217 करोड़ रुपये विकास कार्यों पर खर्च किए गए हैं। उन्होंने किसानों को आश्वस्त किया कि उन्हें किसी तरह की कोई परेशानी नही आने दी जाएगी। फसल का एक-एक दाना खरीदा जाएगा। विपक्ष केवल आरोप लगा सकता है लेकिन भाजपा ने जो कहा है वो करके दिखाया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

