home page

अनिल विज ने अपने विभागाें में जारी किए आदेश,बिना मंजूरी के नहीं होंगे तबादले

 | 

चंडीगढ़, 13 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने अपने अधीनस्थ तीनों विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि उनकी स्वीकृति के बगैर कोई भी तबादला नहीं किया जाएगा। विज ने अपने अधीन आने वाले तीन प्रमुख विभागों - परिवहन, बिजली और श्रम में अधिकारियों व कर्मचारियों के तबादलों को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, अब इन विभागों में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का तबादला मंत्री की पूर्व सहमति के बिना नहीं किया जा सकेगा। इस संबंध में फाइल नोटिंग के माध्यम से स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि तबादलों से जुड़े सभी प्रस्ताव पहले मंत्री के समक्ष प्रस्तुत किए जाएं। बताया जाता है कि यह निर्णय विभागों में मनमाने तबादलों पर रोक लगाने और कार्यप्रणाली को अधिक अनुशासित बनाने के उद्देश्य से लिया गया है। पिछले कुछ समय से तबादलों को लेकर उठ रहे सवालों और शिकायतों के बीच यह आदेश अहम माना जा रहा है। इस कदम से जहां एक ओर कर्मचारियों के बीच पारदर्शिता बढ़ेगी, वहीं दूसरी ओर विभागीय कार्यों में स्थिरता भी आएगी। विज के इस आदेश के बाद तीनों विभागों में तबादलों की प्रक्रिया पर सीधा असर पड़ना तय माना जा रहा है और आने वाले दिनों में इसके प्रभाव स्पष्ट रूप से देखने को मिल सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा