हिसार : खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम : विनोद वर्मा
लुवास की स्क्वेश टीम ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी
टूर्नामेंट के लिए मुंबई रवाना
हिसार, 06 मार्च (हि.स.)। लाला लाजपत राय पशु
चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय (लुवास), की 12 सदस्यीय स्क्वेश टीम ऑल इंडिया
इंटर यूनिवर्सिटी स्क्वेश टूर्नामेंट में भाग लेने के लिए मुंबई स्थित सोमैया विश्वविद्यालय
के लिए रवाना हुई। इस टीम में 6 पुरुष और 6 महिला खिलाड़ी शामिल हैं, जो राष्ट्रीय
स्तर पर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अधिकारियों
ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देकर टीम को रवाना किया।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विनोद कुमार वर्मा
ने शुक्रवार काे खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का
महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि लुवास के खिलाड़ी अनुशासन, समर्पण और टीम भावना
के साथ प्रतियोगिता में भाग लें तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय का नाम पूरे
देश में रोशन करें।
छात्र कल्याण निदेशक डॉ. संदीप कुमार ने कहा
कि विश्वविद्यालय प्रशासन खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं और अवसर प्रदान करने के
लिए सदैव प्रयासरत है। उन्होंने खिलाड़ियों को आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए अपना सर्वश्रेष्ठ
प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
सहायक छात्र कल्याण निदेशक (खेल) डॉ. यशवंत सिंह
ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए अपनी
प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतरीन मंच है। उन्होंने उम्मीद जताई कि लुवास की टीम पूरे
उत्साह और खेल भावना के साथ शानदार प्रदर्शन करेगी। स्क्वेश खेल के अध्यक्ष डॉ. नरेंद्र
सिंह ने कहा कि टीम के सभी खिलाड़ी अच्छी तैयारी के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने जा
रहे हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि खिलाड़ी विश्वविद्यालय के लिए बेहतर परिणाम लेकर
आएंगे। प्रतियोगिता के लिए टीम के साथ प्रबंधक के रूप में डॉ. स्नेहिल और डॉ. सुरभि
पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों का मार्गदर्शन और प्रबंधन करेंगे।विश्वविद्यालय
परिवार ने सभी खिलाड़ियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल
प्रदर्शन की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

