डॉलर सस्ते में दिलाने का झांसा देकर लाखों ठगने का आरोपित गिरफ्तार
जींद, 21 सितंबर (हि.स.)। साइबर थाना पुलिस ने डॉलर सस्ते में दिलाने का झांसा देकर एक लाख 38 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
साइबर थाना प्रभारी जगदीप सिंह ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि खेम नगर निवासी गणेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह आर्युवेदिक दवाइयों का काम करता है। गत लगभग दो माह पहले कुरूक्षेत्र में मोहम्मद मुश्ताक नाम के व्यक्ति से मिला था। जिसने बताया की डॉलर खरीदने तथा बेचने में हर रोज छह सौ से सात सौ रुपये कमाए जा सकते हैं।
वह मोहम्मद मुश्ताक की बातों में आ गया। उन्होंने एक दूसरे का मोबाइल नंबर भी ले लिया। जिसके बाद उसके पास उसके फोन आते रहे। जिसके बाद वह घर भी आया। गत तीन अगस्त को मोहम्मद मुश्ताक ने कहा कि अगर डॉलर खरीदने हैं तो वह चैक की फोटो भेज रहा है। जिस पर उसने चैक पर दिए खाते में एक लाख 38 हजार एनफटी के माध्यम से डाल दिए। जब उसने संपर्क किया तो मोहम्मद मुश्ताक ने कहा कि रुपये नहीं आए। आखिरकार आरोपित ने उसका फोन उठाना बंद कर दिया। न तो आरोपित ने उसकी राशि लौटाई और न ही उसे डॉलर दिए।
साइबर थाना पुलिस ने गणेश की शिकायत पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर थाना साइबर क्राइम ने आरोपित दिल्ली निवासी मोहम्मद मुश्ताक को नियमानुसार गिरफ्तार करके 10 हजार रुपये बरामद कर लिए। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

