जींद : बाइक के अनियंत्रित होकर गिरने से एक की मौत, दूसरा घायल
जींद, 25 सितंबर (हि.स.)। गांव जामनी टोल के निकट नेशनल हाइवे 152डी पर बाइक के अनियंत्रित होकर गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दूसरा घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। शुक्रवार को पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव कालवा निवासी सतपाल (35) तथा अंकित (30) गुरूवार रात नेशनल हाईवे 152डी से बाइक पर सवार होकर जुलाना की तरफ से अपने घर लौट रहे थे। जामनी टोल प्लाजा के निकट कुत्ते के आगे आने के कारण बाइक अनियंत्रित हो कर गिर गया। जिसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने सतपाल को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालातों का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शुक्रवार को जानकारी देते हुए पिल्लूखेड़ा थाना के जांच अधिकारी सुखदेव सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

