अमृतसर में नाै किलो हेरोइन के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
चंडीगढ़, 09 मार्च (हि.स.)। सीमा पार से संचालित हो रही नशा तस्करी के खिलाफ अभियान में काउंटर इंटेलिजेंस अमृतसर ने 9 किलो हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने सोमवार को बताया कि अमृतसर के गांव गिल्लांवाली निवासी रंजीत सिंह उर्फ राणा को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उसकी हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल (पीबी-14 डीओ-554) को भी जब्त कर लिया है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि पकड़ा गया रंजीत सिंह पाकिस्तानी तस्कर के संपर्क में था और अपने अन्य साथियों की मदद से अमृतसर के गांव घोनेवाला क्षेत्र से सीमा पार से ड्रोन के जरिए भेजी गई हेरोइन की खेप प्राप्त कर रहा था।
डीजीपी ने बताया कि पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली थी कि संदिग्ध रंजीत ने हेरोइन की एक खेप प्राप्त की है और वह इस खेप को अमृतसर-रामदास रोड के पास अड्डा गांव अनियतपुरा के नजदीक किसी व्यक्ति को सौंपने जा रहा है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने इलाके के आसपास नाकेबंदी की और आरोपी को 9 किलो हेरोइन सहित गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि इस नशा तस्करी नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है और इस मामले में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है।
---------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

