अंबेडकर जयंती पर भाजपा ने तैयार की कार्यक्रमों की शृंखला
चंडीगढ़, 08 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में भाजपा ने संविधान निर्माता बाबा साहब डाॅ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती समानता व सामाजिक न्याय दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर कई कार्यक्रमों की शृंखला तैयार की गई है। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के अनुसार, भाजपा 13 से 20 अप्रैल तक पूरे राज्य में बाबा साहब की जयंती पर करीब एक दर्जन बड़े कार्यक्रमों का आयोजन करेगी। इन कार्यक्रमों के आयोजन के लिए भाजपा ने कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के नेतृत्व में पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 14 अप्रैल को पंचकूला में राज्य स्तरीय रैली को संबोधित करेंगे। इस दिन दलित कल्याण की कई योजनाओं की घोषणा संभव है।डाॅ. भीमराव आंबेडकर की जयंती की पूर्व संघ्या पर यानी 13 अप्रैल की रात को पूरे राज्य में उन सभी स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा, जहां-जहां बाबा साहब डाॅ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाएं लगी हैं। इसी दिन रात को दीपोत्सव होंगे। 14 अप्रैल को सुबह प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किए जाएंगे, जिसके बाद मिष्ठान वितरण होगा।
मुख्यमंत्री नायब सैनी 14 अप्रैल को पंचकूला स्थित इंद्रधनुष स्टेडियम में राज्य स्तरीय रैली को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृष्ण बेदी करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार होंगे। सभी विधायकों को कार्यक्रम में रहने के लिए कहा गया है। राज्य स्तरीय आयोजन कमेटी में कृष्ण कुमार बेदी के अलावा एसपी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष सत्यप्रकाश जरावता, पूर्व मंत्री अनूप धानक, एससी मोर्चा के प्रदेश महामंत्री मक्खन सिंह और राजकुमार कटारिया को शामिल किया गया है।भाजपा ने 15 व 16 अप्रैल को राज्य के सभी एससी छात्रावास और संस्थाओं में जाकर संविधान पर लोकसभा में दिए गए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भाषण का प्रचार-प्रसार करने की रूपरेखा तैयार की गई है।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि 20 अप्रैल को सभी जिला मुख्यालयों पर बुद्धिजीवी लोगों के सम्मेलन आयोजित होंगे। जिन दलित बस्तियों में 100 से ज्यादा लोग रहते हैं, वहां भाजपा के लोग पहुंचेंगे तथा बाबा साहब के कार्यों की जानकारी देंगे। कृष्ण कुमार बेदी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में बाबा साहब की जयंती पर होने वाले कार्यक्रमों में बढ़ चढक़र भागीदारी करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

