home page

यमुनानगर : गुलाबगढ़ में अम्बेडकर भवन निर्माण शुरू, ग्रामीणों को मिलेगा सामुदायिक गतिविधियों का केंद्र

 | 
यमुनानगर : गुलाबगढ़ में अम्बेडकर भवन निर्माण शुरू, ग्रामीणों को मिलेगा सामुदायिक गतिविधियों का केंद्र


यमुनानगर, 15 मार्च (हि.स.)। यमुनानगर के प्रतापनगर खंड के गांव गुलाबगढ़ में सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में अम्बेडकर भवन के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर सरपंच एसोसिएशन प्रतापनगर के प्रधान विजय कुमार मिंटू ने नारियल फोड़कर रविवार काे निर्माण कार्य की शुरुआत करवाई। अम्बेडकर भवन के निर्माण को गांव के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इस भवन के तैयार होने के बाद ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक स्थायी स्थान उपलब्ध होगा।

जानकारी के अनुसार भवन निर्माण पर लगभग 16 लाख रुपये की लागत आएगी और इसे चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विजय कुमार मिंटू ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक भवनों का निर्माण सामाजिक एकता और सहभागिता को मजबूत करता है। ऐसे स्थान गांव के लोगों को एक मंच प्रदान करते हैं, जहां विभिन्न सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन सुचारू रूप से किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अम्बेडकर भवन बनने से शादी-विवाह, पंचायत बैठकों, धार्मिक आयोजनों और अन्य सामुदायिक गतिविधियों के लिए ग्रामीणों को सुविधाजनक व्यवस्था मिल सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण विकास के लिए बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ सामाजिक ढांचे को मजबूत करना भी आवश्यक है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए गांवों में ऐसे सामुदायिक भवनों का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि लोगों के बीच संवाद और सहयोग की भावना को बढ़ावा मिल सके।

ग्रामीणों ने भी अम्बेडकर भवन के निर्माण को लेकर संतोष व्यक्त किया और इसे गांव के लिए उपयोगी पहल बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाएगा, जिससे जल्द ही ग्रामीणों को इस सुविधा का लाभ मिल सके। इस अवसर पर अजय कुमार गुर्जर, डॉ. मामचंद, पंचायत सदस्य सुनील, जयपाल, श्यामलाल, गुरमीत कटारिया, सतीश कुमार, डॉ. सुखबीर, मनीष कुमार, कलाराम और जोगिंदर सिंह सहित गांव के कई लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार