home page

जींद : महिला ने जहर खाकर दी जान, पति समेत तीन पर मामला दर्ज

 | 
जींद : महिला ने जहर खाकर दी जान, पति समेत तीन पर मामला दर्ज


जींद, 22 जुलाई (हि.स.)। गांव करसोला में विवाहिता ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। जुलाना थाना पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष की शिकायत पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गांव करसोला निवासी विकास की पत्नी 24 वर्षीय नैंसी ने मंगलवार को जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालात बिगडऩे पर नैंसी को पहले जुलाना तथा बाद में हिसार के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां पर उपचार के दौरान नैंसी की मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर जुलाना थाना पुलिस तथा मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। मृतका की मां गांव सांघी निवासी रीना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि लगभग दो साल पहले उसने अपनी बेटी नैंसी की शादी गांव करसोला निवासी राजेश के साथ की थी।

शादी के बाद से ससुरालीजनों का व्यवहार नैंसी के प्रति ठीक नहीं था। उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था। विवाहित जीवन में नैंसी ने बेटे को भी जन्म दिया। बावजूद इसके नैंसी के साथ मारपीट की जाती रही और उसका उत्पीड़न किया जाता रहा। जिसके चलते नैंसी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। बुधवार को जानकारी देेते हुए जुलाना थाना के जांच अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस ने रीना की शिकायत पर पति विकास, सास शकुंतला तथा राजेश के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा