home page

रेखा शर्मा ने मदार (अजमेर)-रोहतक स्पेशल ट्रेन को दैनिक बनाने की मांग की

 | 

चंडीगढ़, 09 मार्च (हि.स.)। हरियाणा की राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा ने मदार (अजमेर)-रोहतक स्पेशल ट्रेन को स्थायी रूप से दैनिक ट्रेन के रूप में संचालित करने की मांग की। इस ट्रेन से हरियाणा के हजारों यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी से जुड़ा हुआ है।

रेखा शर्मा ने सोमवार को चंडीगढ़ में जारी जानकारी में बताया कि यह ट्रेन हरियाणा और राजस्थान के बीच महत्वपूर्ण रेल संपर्क का माध्यम है। विशेष रूप से हरियाणा के रेवाड़ी, नारनौल, झज्जर और रोहतक जैसे प्रमुख जिलों के लोगों के लिए यह ट्रेन शिक्षा, रोजगार, व्यापार तथा धार्मिक यात्राओं के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

बड़ी संख्या में छात्र, नौकरीपेशा लोग, व्यापारी तथा श्रद्धालु इस मार्ग पर प्रतिदिन यात्रा करते हैं। रेखा शर्मा ने कहा कि वर्तमान में यह ट्रेन स्पेशल श्रेणी में संचालित होने के कारण यात्रियों को इसकी निरंतरता को लेकर हमेशा अनिश्चितता बनी रहती है तथा आरक्षण सुविधाएं भी सीमित रहती हैं। इसके कारण यात्रियों को कई बार अलग-अलग ट्रेनों के माध्यम से लंबी और असुविधाजनक यात्रा करनी पड़ती है।

उन्होंने कहा कि हरियाणा के इन क्षेत्रों के लोगों की लंबे समय से यह मांग रही है कि इस ट्रेन को स्थायी रूप से दैनिक सेवा में परिवर्तित किया जाए। इस ट्रेन में लगातार बढ़ती यात्री संख्या, उच्च ऑक्यूपेंसी और क्षेत्रीय महत्व को देखते हुए इसे डेली इंटरसिटी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में परिवर्तित किया जाना पूरी तरह से न्यायसंगत और आवश्यक है। रेखा शर्मा ने रेल मंत्री से आग्रह करते हुए कहा कि इस ट्रेन को आधुनिक एलएचबी रेक के साथ पर्याप्त जनरल, सेकंड सिटिंग, स्लीपर और एसी चेयर कार कोचों के साथ स्थायी रूप से चलाया जाए, ताकि हरियाणा और राजस्थान के यात्रियों की बढ़ती मांग को प्रभावी रूप से पूरा किया जा सके। रेखा शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से हरियाणा के लाखों नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा