home page

एआई से तय होगी सरकारी विभागों की रिपोर्ट

 | 

-सभी विभागों को पांच साल का रोडमैप बनाने के निर्देश

चंडीगढ़, 05 जून (हि.स.)। हरियाणा सरकार अब विभागों की समीक्षा केवल बैठकों और फाइलों के आधार पर नहीं करेगी। निकट भविष्य में इसके लिए भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) का इस्तेमाल किया जाएगा।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने निर्देश दिए हैं कि सभी विभाग अगले पांच वर्षों की अपनी कार्ययोजना और रोडमैप को विशेष रूप से तैयार किए गए एआई प्लेटफॉर्म पर अपलोड करें ताकि उनकी लगातार और व्यापक समीक्षा की जा सके।

हरियाणा विजन-2047 के तहत आयोजित समीक्षा बैठकों के क्रम में मुख्यमंत्री ने यह संकेत दिया कि अब सरकारी कामकाज को अधिक लक्ष्य आधारित और परिणाम केंद्रित बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विभाग केवल बड़े लक्ष्य तय करके न बैठें बल्कि उन्हें पूरा करने के लिए सालाना और तिमाही स्तर की स्पष्ट कार्ययोजना भी तैयार करें। सरकार चाहती है कि हर विभाग यह बताए कि अगले 5 वर्षों में क्या हासिल करना है। हर वर्ष कौन-कौन से लक्ष्य पूरे होंगे। हर तिमाही कौन से काम पूरे किए जाएंगे। तय समयसीमा के अनुसार प्रगति कहां तक पहुंची। इस पूरी जानकारी को एआई आधारित सिस्टम पर अपलोड किया जाएगा ताकि प्रगति की निगरानी वास्तविक समय में हो सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि विभागीय समीक्षा बैठकों से पहले प्रगति रिपोर्ट समय पर उपलब्ध करवाई जाए। उन्होंने कहा कि विभाग अपनी रिपोर्ट बैठक से दो दिन पहले उपलब्ध करवाएं ताकि समीक्षा केवल प्रस्तुतिकरण तक सीमित न रहे बल्कि पहले से अध्ययन करके काम की गुणवत्ता और परिणामों पर चर्चा हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा