home page

हरियाणा बजट: जल्द शुरू होगा एआई एवं डिजिटल कॉलेज

 | 

- बजट में एआई सैंडबॉक्स और इनोवेशन चैलेंज की घोषणा

चंडीगढ़, 02 मार्च (हि.स.)। हरियाणा में बहुत जल्द एआई एवं डिजिटल कॉलेज शुरू किया जाएगा। हरियाणा के वित्त मंत्री नायब सैनी ने सोमवार को बजट में यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि भविष्य विभाग तथा उच्चतर शिक्षा विभाग के सहयोग से एक स्वायत्त एआई एवं डिजिटल कॉलेज शुरू किया जाएगा। यह डिजिटल फस्र्ट, सीमाहीन मॉडल होगा। जहां शिक्षण, मूल्यांकन और व्यक्तिगत अधिगम एआई आधारित प्रणालियों से संचालित होंगे। यदि पालयट प्रोजेक्ट सफल हुआ तो अगले साल दस ऐसे कॉलेज स्थापित किए जाएंगे। हालांकि बजट में इस बात का ऐलान नहीं किया गया लेकिन अटकलें हैं कि प्रदेश का पहला एआई कॉलेज रोहतक में खोला जा सकता है।

वित्त मंत्री ने बताया कि एआई मिशन के तहत राज्य में एक एआई सैंडबॉक्स बनाया गया है, जो कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पर्यावरण जैसे प्रमुख क्षेत्रों में ऐसे उपयोग व मामलों की पहचान तथा वेरीफिकेशन में जुट गया है, जिनमें एआई के प्रयोग से विभागीय सेवाओं को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मई 2026 में एक इनोवेशन चैलेंज का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सर्वोत्तम एआई टीमों का चयन किया जाएगा। एक नवंबर 2026 को सफल मॉडलों को विभागों में लागू किया जाएगा। सभी दुकानों एवं वाणिज्यिक संस्थानों का स्वत: पंजीकरण आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआइ) के माध्यम से किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा