हिसार : किसानों एवं वैज्ञानिकों के लगातार संवाद से कृषि को मिलेगी नई दिशा : प्रो. बीआर कम्बोज
जागरूक किसान ही मजबूत कृषि की पहचान : कुलपति
हकृवि के दो दिवसीय कृषि मेला (खरीफ) का समापन
हिसार, 24 मार्च (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय
में आयोजित दो दिवसीय कृषि मेला खरीफ सम्पन्न हुआ। कृषि मेला ‘सतत कृषि: समृद्धि की
राह’ विषय पर आयोजित किया
गया। मंगलवार काे समापन अवसर पर कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज मुख्य अतिथि रहे।
कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने अपने संबोधन में
कहा कि विश्वविद्यालय किसानों के हित में समय-समय पर उन्नत किस्मों एवं जलवायु-अनुकूल
कृषि तकनीकों का विकास कर रहा है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे गांव स्तर
पर गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन की पहल करें, जिससे समय पर बीज उपलब्ध हो सके और ग्रामीण
युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित हों। कुलपति ने प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण
पर जोर देते हुए कहा कि वर्तमान समय में जल, भूमि एवं पर्यावरण का संतुलित उपयोग अत्यंत
आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों जैसे प्राकृतिक खेती, टिश्यू कल्चर तथा कृषि
में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के समुचित उपयोग से उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ संसाधनों
का संरक्षण भी संभव है। उन्होंने कहा कि यह मेला केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि किसानों
और वैज्ञानिकों के बीच ज्ञान एवं अनुभवों का संगम है, जो भविष्य की कृषि दिशा तय करने
में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में किसानों की भागीदारी
इस बात का प्रमाण है कि आज का किसान जागरूक, वैज्ञानिक सोच रखने वाला एवं नवाचारों
को अपनाने के लिए तत्पर है।
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्टॉलों को किया
गया सम्मानित
विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. रमेश यादव ने बताया
कि स्टॉलों में से सीड्ज ग्रुप में समग सीड्स प्रा. लि. प्रथम, आईएफएसए सीड्स प्रा.
लि./स्टार एग्री सीड्स प्रा. लि. द्वितीय तथा शक्तिवर्धक हाइब्रिड सीड्स तृतीय स्थान
पर रहे। इनसेक्टीसाइड/पेस्टिसाइड समूह में बायर क्रॉप साइंस लि. प्रथम, क्रिस्टल क्रॉप
प्रोटेक्शन लि./मैक्सग्रो एग्रोलॉजी लिमिटेड को द्वितीय तथा आर्बोइंट इंटरनेशनल सोल्यूशंस
एलएलपी को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। उर्वरक समूह में हैबिटेट जीनोम इम्प्रूवमेंट प्राइमरी
लि. को प्रथम, इफको हरियाणा/कृभको को द्वितीय तथा नेशनल फर्टिलाइजर्स लि. को तृतीय
स्थान मिला। मशीनरी/ट्रैक्टर समूह में करतार एग्रो इंडस्ट्रीज प्रा. लि. प्रथम, दो
सरदार एग्री वर्क्स/न्यू किसान सेवा केंद्र द्वितीय तथा विरदी एग्रो टेक्नोलॉजी/मास्टर
माइंड एग्रो इंडस्ट्रीज तृतीय स्थान पर रहे। वेट फार्मा ग्रुप में नानक लेबोरेटरीज
(डॉ. जॉन) को प्रथम, वेक्स्टर हेल्थ केयर को द्वितीय तथा मचवेल फार्मास्युटिकल्स प्रा.
लि. को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। प्रगतिशील किसान समूह में बाले सिंह (मिंगनी
खेड़ा, हिसार) को प्रथम, योगेंद्र (महेंद्रगढ़) को द्वितीय तथा सुभाष एवं धर्मबीर (यमुनानगर) को तृतीय स्थान मिला।
सीसीएसएचएयू विभाग समूह में सीड्ज साइंस एंड
टेक्नोलॉजी विभाग प्रथम, सब्जी विज्ञान विभाग द्वितीय तथा एबिक बेकरी/ऑयलसीड सेक्शन
तृतीय स्थान पर रहे। वहीं एमएचयू/लुवास/सरकारी विभाग समूह में लुवास, हिसार ने प्रथम,
एमएचयू, करनाल ने द्वितीय तथा हरियाणा उद्यान विभाग ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मिक्स
ग्रुप में टेरानोवा एग्रो इनोवेशन प्रा. लि. को प्रथम, लेजर इंजीनियरिंग एंटरप्राइजेज
को द्वितीय तथा शक्ति मेक मार्शल को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में हरियाणा
किसान कल्याण प्राधीकरण के सीईओ डॉ. रविन्द्र चौहान भी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

