हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय व ओपन लर्निंग ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के बीच हुआ एमओयू
हिसार, 22 मई (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान
एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय ने ओपन लर्निंग ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड के साथ एआई-सक्षम
डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म के क्रियान्वयन के लिए एक महत्वपूर्ण एसएएएस (साॅफ्टवेयर
एज ए सर्विस) समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते पर विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति
प्रो. नरसी राम बिश्नोई तथा ओपन लर्निंग ग्लोबल की ओर से अधिकृत हस्ताक्षरकर्ता रूपेश
सिंह ने हस्ताक्षर किए।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने शुक्रवार काे कहा कि यह
समझौता विश्वविद्यालय को वैश्विक स्तर की डिजिटल शिक्षा प्रणाली से जोड़ने में महत्वपूर्ण
भूमिका निभाएगा तथा विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध
कराएगा। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि इस समझौते का मुख्य उद्देश्य विश्वविद्यालय
के वर्तमान डिस्टेंस एजुकेशन प्लेटफॉर्म को आधुनिक एआई-सक्षम डिजिटल लर्निंग प्लेटफॉर्म
से प्रतिस्थापित करना तथा ऑनलाइन, दूरस्थ, ब्लेंडेड एवं ऑन-कैंपस शिक्षा को एकीकृत
डिजिटल वातावरण में संचालित करना है। इसके माध्यम से शिक्षकों को एआई आधारित कोर्स
डिजाइन एवं कोर्स डवेलपमेंट टूल्स उपलब्ध होंगे, जबकि विद्यार्थियों को इंटरैक्टिव
एवं आउटकम-बेस्ड लर्निंग प्रणाली का लाभ मिलेगा।
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने कहा कि यह
प्लेटफॉर्म डिजिटल कोर्स कंटेंट निर्माण, मूल्यांकन, लर्निंग एनालिटिक्स, प्रोग्रेस
ट्रेकिंग तथा डिजिटल पोर्टफोलियो जैसी आधुनिक सुविधाएं प्रदान करेगा। साथ ही विद्यार्थियों
के लिए इंडस्ट्री-एलाइन्ड डिजिटल बैजिज, माइक्रो-क्रेडेंशियल, प्रोजेक्ट-बेस्ड लर्निंग,
पीयर कोलेबोरेशन तथा रियल-वल्र्ड प्रोब्लम सोल्विंग एक्टिविटीज को भी बढ़ावा दिया जाएगा। कुलसचिव डॉ. विजय कुमार ने बताया कि यह पहल विश्वविद्यालय
की डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन रणनीति को नई दिशा प्रदान करेगी तथा ऑनलाइन एवं कौशल आधारित
शिक्षा को और अधिक प्रभावी बनाएगी।
अंतरराष्ट्रीय मामलों के अधिष्ठाता प्रो. ओम
प्रकाश सांगवान ने कहा कि इस सहयोग से विश्वविद्यालय को अंतर्राष्ट्रीय शैक्षणिक प्लेटफॉर्म्स
के साथ कार्य करने का अवसर मिलेगा तथा विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख एवं उद्योगोन्मुख
शिक्षण सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. विजय
कुमार, अंतरराष्ट्रीय मामलों के अधिष्ठाता प्रो. ओम प्रकाश सांगवान, एजुकेशन सेंटर
आफ आस्ट्रेलिया (ईसीए) की एडवाइजरी बोर्ड के सदस्य नरेश कुमार, प्रो. विनोद छोकर,
प्रो. योगेश चाबा, प्रो. खुजान सिंह तथा पीडीयूसीआईसी के निदेशक मुकेश अरोड़ा भी विशेष
रूप से उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

