हिसार : टीबी केवल एक व्यक्ति की बीमारी नहीं, बल्कि पूरे परिवार व समाज को करती प्रभावित : डॉ. वंदना बिश्नोई
कैमरी में विद्यार्थियों ने निकाली टीबी जागरूकता रैली, पौधारोपण कर दिया स्वस्थ
समाज का संदेश
हिसार, 19 अगस्त (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
के राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई-6 एवं विश्वविद्यालय चिकित्सा केंद्र ने जिले
के नागरिक अस्पताल के सहयोग से कैमरी गांव में टीबी जागरूकता रैली एवं पौधारोपण अभियान
आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को टीबी के लक्षण, बचाव, समय पर जांच
और उपचार के प्रति जागरूक करने के साथ विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति
जिम्मेदार बनाना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय की प्रथम महिला डॉ. वंदना बिश्नोई
ने बुधवार काे जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि टीबी केवल एक व्यक्ति
की बीमारी नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करती है। जागरूकता, समय पर
जांच और नियमित उपचार से टीबी पर प्रभावी नियंत्रण संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों
से टीबी जागरूकता का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. सरीना हसीजा ने टीबी के लक्षणों और बचाव की जानकारी
देते हुए कहा कि दो सप्ताह या उससे अधिक समय तक खांसी, बुखार, वजन कम होना, रात में
पसीना आना अथवा कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय जांच करवानी चाहिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से टीबी को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने में जागरूकता
दूत की भूमिका निभाने की अपील की।
डॉ. रतना भारती ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम
है। एनएसएस स्वयंसेवक स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों को
जनआंदोलन का रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अंजू गुप्ता ने अतिथियों, चिकित्सा विभाग की
टीम, विद्यालय के शिक्षकों और विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि एनएसएस
का उद्देश्य विद्यार्थियों को समाज के प्रति जिम्मेदार एवं संवेदनशील नागरिक बनाना
है। एनएसएस इकाई-6 की कार्यक्रम अधिकारी
डॉ. शिवानी यादव ने धन्यवाद किया। इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रामस्वरूप,
डॉ. सुमित शर्मा, डॉ. खूशबू सेठी, डॉ. गार्गी बूरा, डॉ. मलकीत सिंह एवं डॉ. गुंजन मुंजाल
सहित विश्वविद्यालय चिकित्सा केंद्र एवं एनएसएस से जुड़े सदस्य मौजूद रहे। बालिका उच्च
माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य पवन कुमार, प्रो. गुगन राम गोदारा, कैमरी की सरपंच
दयावंती सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

