हिसार : गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र कार्यक्रमों के लिए प्रवेश शुरू
हिसार, 28 मई (हि.स.)। यहां के गुरु जम्भेश्वर
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग में सत्र 2026-27 के
लिए शैक्षणिक कार्यक्रमों में प्रवेश प्रारम्भ हो गए हैं। इनमें बीएससी इकोनॉमिक्स
प्रोग्राम तथा एमएससी इकोनॉमिक्स प्रोग्राम शामिल हैं।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई
ने गुरुवार काे कहा कि ये कार्यक्रम शिक्षण, शोध, सिविल सेवा, बैंकिंग एवं वित्त, कंसल्टेंसी, कॉरपोरेट
क्षेत्र, सार्वजनिक नीति संस्थानों, डेटा एनालिटिक्स तथा उच्च शिक्षा जैसे क्षेत्रों
में उत्कृष्ट करियर अवसर प्रदान करते हैं। साथ ही शोध एवं कौशल आधारित पाठ्यक्रम विद्यार्थियों
को यूजीसी-नेट/जेआरएफ तथा पीएचडी जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायक
होते हैं।
विभागाध्यक्ष डा. अश्वनी ने बताया कि एनईपी-2020
के अंतर्गत तैयार किए गए ये कार्यक्रम विद्यार्थियों को सैद्धांतिक समझ के साथ-साथ
व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं। पाठ्यक्रम में विश्लेषणात्मक कौशल, व्यावहारिक
अनुभव, शोध अभिमुखता, डेटा विश्लेषण विशेषज्ञता तथा नीति निर्माण जैसे विषयों पर विशेष
ध्यान दिया गया है। पाठ्यक्रम को इस प्रकार तैयार किया गया है कि विद्यार्थी अकादमिक
और पेशेवर उत्कृष्टता हासिल कर सकें।
पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड बीएससी-एमएससी इकोनॉमिक्स
प्रोग्राम बहु-प्रवेश एवं बहु-निकास प्रणाली के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। एनईपी-2020
के अनुसार विद्यार्थी प्रथम वर्ष के बाद अंडरग्रेजुएट सर्टिफिकेट, द्वितीय वर्ष के
बाद अंडरग्रेजुएट डिप्लोमा, तृतीय वर्ष के बाद बीएससी डिग्री तथा चतुर्थ वर्ष के बाद
बीएससी (ऑनर्स) डिग्री प्राप्त कर सकते हैं। विभाग ने बताया कि पांचवें वर्ष में शोध
पद्धति, शोध प्रबंध कार्य, सर्वेक्षण एवं डेटा विश्लेषण जैसे विषय शामिल किए गए हैं,
जिनसे विद्यार्थियों को अनुप्रयुक्त एवं नीतिगत अर्थशास्त्र में गहन ज्ञान प्राप्त
होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

