home page

सरकारी एवं निजी स्कूलों में 9वीं से 12वीं कक्षा में 31 अगस्त तक होंगे दाखिले

 | 

- विद्यार्थियों को बड़ी राहत : शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश, एक माह तक बढ़ाई दाखिला अवधि

चंडीगढ़, 06 अगस्त (हि.स.)। शिक्षा विभाग ने 9वीं से 12वीं कक्षा में दाखिला लेने से वंचित रह गए विद्यार्थियों को बड़ी राहत दी है। अब विद्यार्थी 31 अगस्त तक आसानी से दाखिला ले सकेंगे। सेकेंडरी शिक्षा महानिदेशक सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (भिवानी) से सम्बद्ध सरकारी एवं निजी विद्यालयों में 9वीं व 12वीं कक्षाओं में दाखिले किए जाएंगे।

दरअसल, दाखिला अवधि बढ़ाने को लेकर हरियाणा स्कूल लेक्चरर एसोसिएशन ने सेकेंडरी शिक्षा निदेशक को मांग पत्र भेजा था। हसला के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंधु ने बताया कि मांग पत्र में हसला की ओर से हवाला दिया गया था कि जो विद्यार्थी दाखिला लेने से वंचित रह गए थे, वे दाखिला लेने के इच्छुक हैं। बाकायदा, उनके अभिभावक और खुद बच्चे स्कूलों में दाखिले के लिए संपर्क कर रहे हैं। लिहाजा, हसला के मांग पत्र पर शिक्षा विभाग की ओर से 9वीं और 12वीं कक्षा तक दाखिला अवधि बढ़ाने के निर्देश जारी किए गए।

विभाग की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को हिदायत जारी की गई है कि वे अपने अधिकार क्षेत्र के सभी विद्यालयों को निर्देशित करें कि यदि कोई विद्यार्थी अभी भी प्रवेश लेना चाहता है तो उसका दाखिला निर्धारित अवधि के भीतर सुनिश्चित किया जाए। शिक्षा विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्य इस संबंध में सीबीएसई द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई करेंगे।

हसला के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंधु ने शिक्षा विभाग द्वारा दाखिला अवधि बढ़ाने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि इस फैसले से उन विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिलेगा, जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रवेश नहीं ले सके थे। साथ ही विद्यालयों में नामांकन बढ़ाने और अधिक से अधिक विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने में भी इस निर्णय से मदद मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा