home page

आईएएस यशेंद्र सिंह होंगे फरीदाबाद नगर निगम आयुक्त

 | 

हरियाणा में प्रशासनिक फेरबदल,17 आईएएस व 8 एचसीएस का तबादला

चंडीगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने राज्य में प्रशासनिक फेरबदल करते हुए तत्काल प्रभाव से 17 आईएएस एवं 8 एचसीएस अधिकारियों के तबादला एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा शुक्रवार को जारी आदेशों के अनुसार, आईएएस जी. अनुपमा, जो वर्तमान में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग और नागरिक उड्डयन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव हैं, को युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।

सी.जी. रजनी कांथन चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग के आयुक्त एवं सचिव भी होंगे। के.मकरंद पांडुरंग को सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग तथा खान एवं भूविज्ञान विभाग का आयुक्त एवं सचिव और पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। दुष्मंता कुमार बेहरा को मानव संसाधन विभाग तथा सामान्य प्रशासन विभाग का आयुक्त एवं सचिव नियुक्त किया गया है।

राजीव रंजन को कार्मिक, प्रशिक्षण एवं संसदीय मामले विभाग का सचिव, निदेशक प्रशिक्षण (पदेन), जांच अधिकारी, सतर्कता तथा हरियाणा आपूर्ति एवं निपटान विभाग का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। आईएएस पंकज को हरियाणा लोक सेवा आयोग का सचिव तथा हरियाणा विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (एचपीजीसीएल) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है।

आईएएस प्रभजोत सिंह, जो पर्यावरण विभाग के महानिदेशक तथा पर्यावरण, वन एवं वन्यजीव विभाग के सचिव हैं, को परिवहन आयुक्त, हरियाणा तथा परिवहन विभाग के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। हेमा शर्मा को करनाल मंडल का आयुक्त लगाया गया है।

डॉ.आदित्य दहिया को सूचना, जनसंपर्क, भाषा एवं संस्कृति विभाग तथा कला एवं सांस्कृतिक मामले विभाग का निदेशक एवं विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। उनके पास हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम के प्रबंध निदेशक तथा भविष्य विभाग के निदेशक का कार्यभार भी रहेगा। यशेंद्र सिंह को नगर निगम फरीदाबाद का आयुक्त तथा फरीदाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। धीरेंद्र खडग़टा को चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान विभाग का निदेशक तथा हरियाणा राज्य परिवहन का निदेशक नियुक्त किया गया है।

प्रदीप दहिया, जो वर्तमान में रोहतक के उपायुक्त (नामित) हैं, को नगर निगम गुरुग्राम का आयुक्त तथा जिला नगर आयुक्त, गुरुग्राम नियुक्त किया गया है। प्रतिमा चैधरी को हरियाणा राज्य महिला आयोग की सदस्य सचिव तथा हरियाणा महिला विकास निगम की प्रबंध निदेशक भी लगाया गया है। सचिन गुप्ता, उपायुक्त अंबाला को अतिरिक्त नियंत्रक, सिविल डिफेंस, अंबाला का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।

रेनू सोगन को जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।

सम्वर्तक सिंह खांगवाल, जो सूचना प्रौद्योगिकी, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार विभाग के अतिरिक्त सचिव तथा निदेशक हैं, को खान एवं भूविज्ञान विभाग के निदेशक एवं अतिरिक्त सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। विवेक आर्य को पंचकूला का अतिरिक्त उपायुक्त-सह-जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी, माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड का मुख्य कार्यकारी अधिकारी तथा जिला परिषद और डीआरडीए, पंचकूला का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है।

एवसीएस अधिकारियों की सूची में योगेश कुमार मेहता को हरियाणा व्यापारी कल्याण बोर्ड के सचिव का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इसके अतिरिक्त विजेंद्र हुड्डा को जिला परिषद और डीआरडीए, चरखी दादरी का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया गया है। वीरेंद्र चैधरी को अतिरिक्त उपायुक्त-सह-जिला नागरिक संसाधन सूचना अधिकारी, कुरुक्षेत्र नियुक्त किया गया है।

पंकज कुमार, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड को शहरी स्थानीय निकाय विभाग का अतिरिक्त निदेशक एवं संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। सुरेश कुमार को चरखी दादरी का नया सिटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया है।

मोनिका, संयुक्त निदेशक, भविष्य विभाग को मिड-डे मील, मौलिक शिक्षा विभाग के संयुक्त निदेशक (प्रशासन) का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है।

मंजीत कुमार, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम रोहतक को संपदा अधिकारी, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी), रोहतक तथा भूमि अधिग्रहण अधिकारी (एलएओ), रोहतक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। एचसीएस अधिकारी प्रदीप अहलावत-2 के नियुक्ति आदेश बाद में किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा