सिरसा में 24 परीक्षा केंद्रों पर 14 हजार अभ्यर्थी देंगे एचटेट परीक्षा,प्रशासन सतर्क
सिरसा, 03 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां मुकम्मल कर ली हैं। जिले में परीक्षा के लिए 24 केंद्र स्थापित किए गए हैं। 14 हजार 238 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। केंद्रों पर 550 पुलिस कर्मियों की ड्यूटियां लगाई गई है। शहर में भी जगह-जगह पुलिस के नाके स्थापित किए जा रहे हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल ने शुक्रवार को बताया कि प्रथम दिन शनिवार को लेवल-3 की परीक्षा के लिए 13 परीक्षा केंद्रों पर 3910 परीक्षार्थी देंगे। रविवार को सुबह के सत्र में लेवल-2 की परीक्षा 24 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी, जिसमें 7463 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे तथा इसी दिन दोपहर बाद लेवल-1 की परीक्षा 9 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी जिसमें 2865 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। इस प्रकार जिले में कुल 14,238 परीक्षार्थी एचटेट परीक्षा में शामिल होंगे। जिला स्तर पर एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। विवाहित महिला अभ्यर्थियों को पूरी जांच के बाद मंगलसूत्र, बिंदी के साथ प्रवेश की अनुमति रहेगी। वहीं सिख धर्म के अनुयायियों को धार्मिक परंपरा के अनुसार निर्धारित कृपाण रखने की छूट रहेगी।
दिव्यांग परीक्षार्थियों को बोर्ड के नियमानुसार 50 मिनट का अतिरिक्त समय प्रदान किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा को लेकर पुलिस के भी कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। सभी 24 परीक्षा केंद्रों पर 550 पुलिस कर्मियों की ड्यूटियां लगाई गई है। शहर में भी जगह-जगह पुलिस के नाके स्थापित किए जा रहे हैं। वहां संदिग्ध लोगों पर नजर रखी जाएगी। इसके अलावा पुलिस कोचिंग संस्थानों व दूसरे स्थानों पर भी नजर रखेगी। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि परीक्षा केंद्रों के आसपास गहन जांच अभियान चलाएं और केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दें। यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने के लिए भी पुलिस कर्मियों की तैनाती की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

