चंडीगढ़: जनता को राहत नहीं, सरचार्ज और टैक्स का तोहफा दे रही सरकार : आदित्य सुरजेवाला
चंडीगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। कैथल से कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने भाजपा सरकार पर कानून-व्यवस्था, बिजली निजीकरण और संपत्ति कर के मुद्दों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार एक ओर अपराध पर अंकुश लगा पाने में विफल रही है, वहीं दूसरी ओर बिजली निजीकरण, सरचार्ज और संपत्ति कर बढ़ाकर आम जनता पर आर्थिक बोझ डालने की तैयारी कर रही है।
चंडीगढ़ सेक्टर-9 स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शुक्रवार काे पत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा में आए दिन फिरौती, हत्या और गोलीबारी जैसी घटनाएं सामने आ रही हैं। विधायकों तक को धमकियां मिल रही हैं तथा महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के कार्यालय पर हुई गोलीबारी जैसी घटनाएं सरकार की विफल कानून-व्यवस्था का प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों की सुरक्षा का सहज ही अनुमान लगाया जा सकता है। पिछले 12 वर्षों से प्रदेशवासी कानून-व्यवस्था की इस बदहाल स्थिति को झेल रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपने पूंजीपति मित्रों को लाभ पहुंचाने के लिए बिजली क्षेत्र में निजीकरण की दिशा में आगे बढ़ रही है। गुरुग्राम सहित कई शहरों की बिजली व्यवस्था निजी कंपनियों को सौंपने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और कम बारिश के दौर में सरकार को लोगों को राहत देनी चाहिए, लेकिन इसके बजाय बिजली पर सरचार्ज लगाकर जनता से अतिरिक्त वसूली की तैयारी की जा रही है। निजीकरण लागू होने पर बिजली महंगी होगी और आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। इसी विरोध में बिजली कर्मचारी 11 अगस्त से हड़ताल पर जाने की घोषणा कर चुके हैं।
कांग्रेस विधायक ने निकायों में संपत्ति कर को कलेक्टर रेट के आधार पर वसूलने के फैसले को भी जनविरोधी बताया। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने वर्षों पहले कम कीमत पर संपत्ति खरीदी थी, अब उन्हें मौजूदा कलेक्टर रेट के आधार पर अधिक कर देना पड़ेगा। पेट्रोल-डीजल की ऊंची कीमतों और लगातार बढ़ती महंगाई के बीच सरकार बिजली पर सरचार्ज और संपत्ति कर बढ़ाकर लोगों की आर्थिक मुश्किलें और बढ़ा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

