home page

सोनीपत की अदिति श्योराण ने अंडर-19 टी-20 क्रिकेट में किया शानदार प्रदर्शन

 | 
सोनीपत की अदिति श्योराण ने अंडर-19 टी-20 क्रिकेट में किया शानदार प्रदर्शन


सोनीपत, 04 जुलाई (हि.स.)। सोनीपत

के गांव दुभेटा की युवा क्रिकेटर अदिति श्योराण ने यूटीसीए महिला अंडर-उन्नीस टी-20

क्रिकेट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने

पूरे टूर्नामेंट में बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में बेहतरीन खेल दिखाते हुए अपनी

टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई।

अदिति

टीम की प्रमुख हरफनमौला खिलाड़ी हैं। वह पारी की शुरुआत करते हुए टीम को मजबूत आधार

देती हैं और अपनी ऑफ स्पिन गेंदबाजी से विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव भी बनाती हैं। प्रतियोगिता

के दौरान उन्होंने लगातार अच्छा प्रदर्शन किया और कई अहम मौकों पर टीम को जीत दिलाने

में योगदान दिया।

पूरे

टूर्नामेंट में खेले गए छह मैचों में अदिति को दो बार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्लेयर

ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने जरूरत के समय महत्वपूर्ण रन बनाए और गेंदबाजी में भी विकेट

लेकर अपनी उपयोगिता साबित की। उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन की खेल विशेषज्ञों ने भी

सराहना की। प्रतियोगिता

के अंतिम मुकाबले में अदिति ने आयु बंसल के साथ दूसरे विकेट के लिए एक सौ छह रनों की

शानदार साझेदारी की।

इस साझेदारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया और जीत की नींव

रखी। उनकी संयमित बल्लेबाजी और आक्रामक खेल ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। कोच

संजीव पठानिया के अनुसार, अदिति ने लगातार मेहनत और अनुशासित अभ्यास के दम पर यह मुकाम

हासिल किया है। उन्होंने लड़कों के साथ अभ्यास कर अपने खेल को और मजबूत बनाया, जिसका

लाभ प्रतियोगिता में साफ दिखाई दिया।

प्रतियोगिता

में शानदार प्रदर्शन के बाद अब अदिति की नजर भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड की आगामी

टी-20 प्रतियोगिता पर है। खेल जगत से जुड़े लोगों का मानना है कि मौजूदा प्रदर्शन के

आधार पर उनके चयन की संभावना मजबूत है। हालांकि अंतिम फैसला चयन समिति की ओर से किया

जाएगा। अदिति की सफलता से गांव दुभेटा, सोनीपत और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

परिवार और खेल प्रेमियों ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता जताई है। ग्रामीण क्षेत्र से

निकलकर राज्य स्तर पर पहचान बनाने वाली अदिति अब राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने

की तैयारी कर रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना