home page

जींद : ऋषि, मुनि साधु एवं संत सभ्य समाज की अमूल्य धरोहर : बेदी

 | 
जींद : ऋषि, मुनि साधु एवं संत सभ्य समाज की अमूल्य धरोहर : बेदी


जींद, 01 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा है कि ऋषि, मुनि साधु एवं संत सभ्य समाज की अमूल्य धरोहर होते हैं। लिहाजा महापुरुषों की स्मृति को संजोए रखना प्रत्येक सामाजिक व्यक्ति का दायित्व है। संत महात्माओं के संस्कार विचार और आदर्श युगों-युगों तक प्रासागिंक रहेंगे। महापुरुषों की शिक्षाओं को जीवन में आत्मसात कर मनुष्य कल्याण और मोक्ष प्राप्त करता है। महर्षि वाल्मिक सरीखे त्रिलोकदर्शी संतों के संदेश मनुष्य को आपसी प्रेम और सदभाव के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा देते हैं, जो मानवता के लिए सर्वत्र उपकारी और हितकारी हैं।

कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी रविवार को नरवाना विधानसभा क्षेत्र के गांव दबलैन में महर्षि वाल्मीकि मंदिर में लंगर हाल के भूमि पूजन कार्यक्रम में बोल रहे थे। कैबिनेट मंत्री ने महर्षि वाल्मिक मंदिर सौंदर्यकरण के लिए 11 लाख रुपये देने की घोषणा की। अपने संबोधन में कैबिनेट मंत्री ने आगे कहा कि वर्तमान सरकार गरीब कल्याण एवं उत्थान के विजन को लेकर काम कर रही है, जो संत महात्माओं का मूल उपदेश है। शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण अंचल में भी सेवाओं एवं सुविधाओं का बराबर विस्तार किया जा रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल बिजली तथा सड़क जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को शहर. गांव और ढ़ाणियों तक पहुंचा जा रहा है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गांव दबलैन में विभिन्न विकास कार्यों के लिए दो करोड रुपये से ज्यादा की धनराशि पंचायत को अलाॉट की जा चुकी है। इसमें 86 लाख रुपये स्कूल भवन निर्माण करीब 35 लाख रुपये फिरनी निर्माण तथा 18 लाख रुपये गली निर्माण के अलावा शमशान में तीन शैडो का निर्माण सहित अन्य विकास कार्य शामिल है। कैबिनेट मंत्री ने ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सरकारी परियोजनाओं के निर्माण एवं गांव के सामूहिक विकास पर पंचायत का सहयोग करें।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा