home page

सिरसा: विभाग अपनी सडक़ों का करे रोड सेफ्टी ऑडिट : एडीसी

 | 
सिरसा: विभाग अपनी सडक़ों का करे रोड सेफ्टी ऑडिट : एडीसी


सिरसा, 25 फ़रवरी (हि.स.)। सिरसा के अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत ने कहा है कि रोड सेफ्टी ऑडिट उस प्रत्येक विभाग को करना होगा जो सडक़ के रख रखाव व निर्माण का कार्य देख रहा है।

एडीसी बुधवार को सडक़ सुरक्षा समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि सभी विभाग यह तय करें कि उनके अधिकार क्षेत्र के मार्ग पर किसी प्रकार के अवरोध न हो, जो सडक़ दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। विभाग की इंजीनियरिंग टीम अपने क्षेत्र का निरीक्षण कर, जो भी कमियां पाई जाती हैं, तो उन्हें दुरुस्त करवाएं। यदि कार्य दूसरे विभाग से संबंधित है तो दूसरे विभाग से भी तालमेल कर इसे ठीक करवाया जाए। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि स्कूलों के पास सडक़ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए स्कूल सेफ्टी जोन बनाए जाएं। यह अनिवार्य है और संबंधित एजेंसी को इस दिशा में जल्द कार्य पूरा करना होगा। एडीसी ने कहा कि बिजली निगम जब भी पोल सडक़ के साथ लगाए तो, सडक़ के स्वामित्व वाले विभाग से तालमेल करें और आपसी समन्वय के साथ जगह तय करें न कि अपने प्लान के हिसाब से पोल खड़े करें। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि बिजली निगम अगली बैठक में एक्शन प्लान सांझा करें।

बैठक में नागरिक अस्पताल सिरसा के बाहर अव्यस्थित वाहन खड़े होने, रोड की चौड़ाई कम होने व पानी के नाले को अंडरग्राउंड करने सहित इस मार्ग पर आने वाली यातायात रुकावटों को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त ने चार सदस्यीय कमेटी गठित की है जिसमें स्वास्थ्य विभाग के डिप्टी सीएमओ नगर परिषद, पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता व रोड सेफ्टी प्रतिनिधि को शामिल किया गया है। बैठक में आरटीए संजय कुमार, जिला परिषद के सीईओ डा. सुभाष चंद्र, डीएफओ सतीश कुमार, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी बलजीत सिंह, जीएम रोडवेज अनीत, डिप्टी सीएमओ, नेशनल हाईवे अथॉरिटी के परियोजना निदेशक विपिन मंगला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma