home page

हिसार : चेयरमैन-कर्मचारियों के विवाद में आदमपुर मार्केट कमेटी का कामकाज ठप

 | 

टोकन नहीं कटने और लैब बंद रहने से किसान-आढ़ती परेशान, नरमा-ग्वार की बोली

प्रभावित

हिसार,

10 सितंबर (हि.स.)। आदमपुर मार्केट कमेटी के चेयरमैन और कर्मचारियों के बीच चल रहा विवाद

बुधवार को उस समय गहरा गया, जब कर्मचारियों ने चेयरमैन पर कथित दुर्व्यवहार के आरोप

लगाते हुए कार्यालय में धरना देकर कामकाज बंद कर दिया। कर्मचारियों के धरने के चलते

मंडी में फसल बिक्री से संबंधित कार्य प्रभावित रहे। टोकन नहीं कटने और लैब बंद रहने

से नरमा व ग्वार की फसल लेकर मंडी पहुंचे किसान और आढ़ती परेशान हुए।

कर्मचारियों की ओर से आदमपुर थाने और मार्केट कमेटी के उच्च अधिकारियों को

दी शिकायत में आरोप लगाया गया कि मंगलवार को चेयरमैन ठाकरदत्त पंवार ने एचकेआरएन कर्मचारी

मुकेश कुमार के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की तथा धमकी दी। कर्मचारियों ने मामले की

निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग की है। उनका कहना है कि कार्यालय का काम सीधे किसानों

और आढ़तियों से जुड़ा है, इसलिए धरने से मंडी की व्यवस्था प्रभावित हुई।

चेयरमैन ठाकरदत्त पंवार ने कर्मचारियों के आरोपों को निराधार बताया। उन्होंने

आरोप लगाया कि कर्मचारी मुकेश कुमार ने उनके साथ गाली-गलौज की और जातिसूचक शब्दों का

इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि इस संबंध में मंगलवार को ही आदमपुर थाने में शिकायत

दी गई थी। चेयरमैन ने कुछ कर्मचारियों पर मंडी में अवैध वसूली करने का आरोप लगाते हुए

कहा कि व्यवस्था सुधारने और कथित अवैध वसूली पर अंकुश लगाने के प्रयासों के कारण उनके

खिलाफ विरोध किया जा रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

आदमपुर व्यापार मंडल के प्रधान नवीन बैनीवाल ने कहा कि मंडी में इस समय नरमा

और ग्वार की बोली चल रही है। कर्मचारियों के धरने के कारण टोकन नहीं कट रहे, जिससे

किसान और आढ़ती परेशान हैं। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष आपस में बैठकर विवाद का जल्द

समाधान करें, ताकि इसका असर फसल बिक्री व्यवस्था पर न पड़े। व्यापार मंडल भी अपने स्तर

पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत करवाने का प्रयास करेगा।

मार्केट कमेटी सचिव राहुल यादव ने कहा कि चेयरमैन और कर्मचारियों की ओर से

एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए हैं। कर्मचारियों की ओर से लिखित शिकायत मिली है और पहले

भी एक शिकायत प्राप्त हुई थी। उच्चाधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया गया है और

जल्द समाधान का प्रयास किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर