बसरा सब माइनर-2 री-मॉडलिंग मई 2026 तक शुरू होगी : सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी
चंडीगढ़, 09 मार्च (हि.स.)। आदमपुर से कांग्रेस विधायक चंद्र प्रकाश ने सिंचाई परियोजना का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री ने बसरा सब माइनर-2 को री-मॉडल और पुन: पक्का करने की घोषणा की थी, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ। उन्होंने सरकार से पूछा कि क्या वर्ष 2026-27 में इस परियोजना को शुरू करने का प्रस्ताव है और इसके लिए कितना बजट तय किया गया है। सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने बताया कि बाद में मुख्यमंत्री की घोषणा में कुछ बदलाव किया गया था और उसी के अनुसार प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि विभाग इस पर तेजी से काम कर रहा है और उम्मीद है कि मई 2026 तक इस परियोजना का काम शुरू हो जाएगा।
सिरसा से कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया ने घगतानिया खरीफ चैनल परियोजना का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि भूमि अधिग्रहण के कारण यह परियोजना अटक गई और जुलाई 2024 में मुख्य सचिव की बैठक में इसे स्थगित कर दिया गया था। सेतिया ने कहा कि तब से अब तक किसानों की जमीनों के दाम बढ़ चुके हैं, इसलिए वे पुरानी दरों पर जमीन देने को तैयार नहीं हैं।
किसानों की मांग है कि खुली नहर की जगह अंडरग्राउंड नहर बनाई जाए। भावुक अंदाज में उन्होंने कहा कि मेरी यह मांग पूरी करा दो, मैं हाथ जोड़ता हूं, पांव पड़ता हूं। सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि विभाग फिलहाल नैरो चैनल बनाने के विकल्प पर काम कर रहा है। अंडरग्राउंड पाइपलाइन की भी समीक्षा की गई थी, लेकिन सिल्ट की समस्या के कारण इसे व्यवहारिक नहीं पाया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

