हिसार : अब नहीं चलेगा माफी से काम, गलत करने वालों पर होगी कार्रवाई : रेनू भाटिया
सीएम को पत्र लिखकर एक विशेष महकमा बनाने या
नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग
विभाग के गठन से कसी जा सकेगी मनोरंजन के नाम
पर परोसी जा रही अश्लीलता व भ्रामक जानकारी पर नकेल
हिसार, 15 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा महिला आयोग
की अध्यक्ष रेनू भाटिया ने समाज में बढ़ती अश्लीलता और महिलाओं के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री
पर कड़ा रुख अपनाते हुए ऐसे लोगों को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने ऐलान किया कि अब
केवल माफी मांगने से काम नहीं चलेगा, बल्कि गलत काम करने वालों के खिलाफ ठोस कार्रवाई
होगी।
यहां के कबीर छात्रावास में नारी शक्ति वंदन
कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में रेनू भाटिया बुधवार काे ने सिंगर बादशाह प्रकरण का उदाहरण
देते हुए कहा कि अक्सर देखा जाता है कि लोग महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करते
हैं या आपत्तिजनक गाने गाते हैं और फिर माफी मांगकर बच निकलते हैं। उन्होंने कहा कि
हम प्रयास करेंगे कि यह बार-बार माफी मांगने वाला सिस्टम खत्म हो, जो गलती करे, उसके
खिलाफ सख्त एक्शन होना चाहिए। इसको लेकर महिला आयोग ने हरियाणा के मुख्यमंत्री को एक
पत्र लिखकर एक विशेष महकमा बनाने या एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने की मांग रखी है।
इस कदम का उद्देश्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स, रील्स और गानों पर नजर रखना है। इस तरह
के विभाग के गठन से हरियाणा में मनोरंजन के नाम पर परोसी जा रही अश्लीलता और भ्रामक
जानकारी पर नकेल कसी जा सकेगी। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया है कि महिला आयोग अब समाज
में सुधार के लिए कड़े फैसले लेने से पीछे नहीं हटेगा।
अध्यक्ष रेनू भाटिया ने बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म
पर ऐसे कई गाने और रील्स वायरल होते हैं जो न केवल महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाते
हैं, बल्कि समाज को भी भारी हानि पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि हमें एक ऐसे तंत्र
की आवश्यकता है जिससे जैसे ही कोई समाज को हानि पहुंचाने वाला कंटेंट सामने आए, हम
उस पर तुरंत संज्ञान लेकर एक्शन ले सके।
कलाकार मासूम शर्मा के हाल में सामने आए मामले
में रेनू भाटिया ने कहा कि देहरादून मामले में वहां की पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली
है। इसी मामले में मासूम शर्मा को समन भेजकर चंडीगढ़ पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उन्होंने
संकेत दिया कि मासूम शर्मा जैसे कलाकारों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

