home page

हिसार में अपराधियों पर पुलिस का कड़ा शिकंजा, छह माह में संपत्ति अपराधों में 38.5 प्रतिशत की गिरावट

 | 
हिसार में अपराधियों पर पुलिस का कड़ा शिकंजा, छह माह में संपत्ति अपराधों में 38.5 प्रतिशत की गिरावट


एनडीपीएस मामलों में दोगुनी रफ्तार से कार्रवाई,

226 नशा तस्कर गिरफ्तार

हिसार, 29 जुलाई (हि.स.)। जिला पुलिस ने इस वर्ष

के पहले छह महीनों में अपराध नियंत्रण और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई में उल्लेखनीय

सफलता हासिल की है। इसके तहत विशेष अभियानों, आधुनिक तकनीक आधारित जांच और सख्त कानून

प्रवर्तन के चलते जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों में 38.5 प्रतिशत की कमी दर्ज की

गई है, जबकि एनडीपीएस एक्ट के मामलों में कार्रवाई लगभग दोगुनी हो गई है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बुधवार काे बताया कि जून

2025 तक जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के 1255 मामले दर्ज हुए थे, जबकि जून

2026 तक यह संख्या घटकर 772 रह गई। यानी छह माह की अवधि में 483 मामलों की कमी दर्ज

की गई, जो लगभग 38.5 प्रतिशत की गिरावट है। उन्होंने कहा कि यह सफलता पुलिस की लगातार

गश्त, तकनीकी निगरानी, त्वरित कार्रवाई और अपराधियों पर निरंतर शिकंजा कसने का परिणाम

है।

एसपी ने बताया कि पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ

भी अभियान को पहले से अधिक तेज किया है।

जून 2025 तक एनडीपीएस एक्ट के 62 मामलों में

143 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था, जबकि जून 2026 तक 129 मामलों में 226 आरोपियों

की गिरफ्तारी की गई। उन्होंने कहा कि यह आंकड़े दर्शाते हैं कि पुलिस ने नशा तस्करी

के नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार करते हुए अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की है।

एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि पुलिस का लक्ष्य

केवल अपराध दर्ज करना नहीं, बल्कि अपराधों की रोकथाम, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी

और आमजन में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना है। इसके लिए जिले में संगठित अपराध, वाहन

चोरी, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों और अन्य आपराधिक गतिविधियों के विरुद्ध

लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस की सख्त एवं निष्पक्ष

कार्यप्रणाली से अपराधियों में कानून का भय बढ़ा है, जबकि आमजन का पुलिस पर विश्वास

भी मजबूत हुआ है। सभी थाना प्रभारियों और पुलिस टीमों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी

भी अपराध की सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और दोषियों के खिलाफ कानून

के तहत कठोर कदम उठाए जाएं।

एसपी सिद्धांत जैन ने जिलेवासियों से अपील करते

हुए कहा कि अपराध और नशा मुक्त समाज के निर्माण में पुलिस का सहयोग करें। यदि कहीं

भी नशा तस्करी, संदिग्ध गतिविधि या किसी आपराधिक घटना की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस

को सूचित करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि हिसार पुलिस कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए

रखने, अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने

के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर