home page

आंध्र प्रदेश में वांछित एटीएम लूट का आरोपी नूंह से गिरफ्तार

 | 
आंध्र प्रदेश में वांछित एटीएम लूट का आरोपी नूंह से गिरफ्तार


नूंह, 02 जुलाई (हि.स.)। नूंह जिला पुलिस ने आंध्र प्रदेश में दर्ज एटीएम लूट के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर आंध्र प्रदेश पुलिस के हवाले कर दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अरसद निवासी मूण्डता, थाना पिनगवां के रूप में हुई है।

जिला पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने गुरुवार को बताया कि आंध्र प्रदेश के अनंतपुरम जिले में दर्ज एफआईआर में आरोपी अरसद एटीएम कटिंग और लूट की वारदातों में वांछित था। आरोपी की तलाश में आंध्र प्रदेश पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। इस संबंध में प्राप्त सूचना के आधार पर एसएचओ तथा आंध्र प्रदेश पुलिस के इंस्पेक्टर परवीन कुमार के सहयोग से कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की धरपकड़ अभियान के तहत थाना पिनगवां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अरसद को गिरफ्तार किया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को आंध्र प्रदेश पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि नूंह पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। जिले में ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों में दर्ज मामलों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। इसी अभियान के तहत यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया