home page

जींद : एचकेआरएन से नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगे सात लाख

 | 
जींद : एचकेआरएन से नौकरी लगवाने का झांसा देकर ठगे सात लाख


जींद, 13 अक्टूबर (हि.स.)। जुलाना थाना पुलिस ने तीन महिलाओं को एचकेआरएन के तहत नौकरी लगवाने का झांसा देकर छह लाख 99 हजार रुपये हड़पने पर रोहतक में तैनात पुलिसकर्मी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोपित ने खुद को पूर्व में गोहाना से विधायक एवं मत्री अरविंद शर्मा की सिक्योरटी में रहने की बात कही थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जुलाना निवासी सुकिता, ज्योति, गांव ब्राह्मणवास निवासी सोनिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वे जुलाना में जिम चलाती है। उनकी गांव गढवाली निवासी रिंकू जिम में प्रक्टिस करने आता था। जिसके चलते उनकी जान पहचान रिंकू से हो गई। रिंकू रोहतक पुलिस में सिपाही के पद पर डयूटीरत है। गत जून माह में रिंकू ने उन्हें बताया कि वह पूर्व में गोहाना से विधायक एवं मत्री अरविंद शर्मा की सिक्योरटी में रह चुका है। इसके चलते उनकी स्टाफ से अच्छी बनती है। वे सभी विभागों में एचकेआरएन के तहत नौकरी लगवाते हैं। रिंकू की बातों में आकर उन्होंने तीनों को नौकरी लगवाने की बात कही। जिसकी एवज में रिंकू ने सात लाख रुपये की डिमांड की।

उन्होंने अपने खातों से राशि रिंकू के खातों में ट्रांसफर कर दी। रिंकू ने उन्हें आश्वासन दिया कि 16 जुलाई तक उनकी आंगनबाड़ी में नियुक्ति हो जाएगी। रिंकू ने व्हाट्सअप पर उनके दस्तावेज ले लिए। बावजूद इसके उनकी नौकरी नही लगी। जब वे रिंकू से रुपयों तथा नौकरी को लेकर बातचीत करते तो आरोपित कोई न कोई बहाना बना कर टाल देता। जब उन्होंने आरोपित से रुपये वापस मांगे तो आरोपित ने रुपये देने से मना कर दिया। मंगलवार को जानकारी देते हुए जुलाना थाना के जांच अधिकारी अजय कुमार ने बताया कि पुलिस ने महिलाओं की शिकायत पर रिंकू के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा