जींद : महिला काे जहर देने का आराेप, पति समेत तीन पर मामला दर्ज
जींद, 12 मई (हि.स.)। सफीदों की रहने वाली एक महिला को जहर के प्रभाव में उपचार के लिए नागरिक अस्पताल सफीदों लाया गया। जहां चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर देख पीजीआईएमएस रोहतक रेफर कर दिया। होश में आने के बाद पीडि़त महिला ने अपने ही सुसरालीजनों पर जबरन जहर देने के आरोप लगाए। जिस पर शहर थाना सफीदों पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर पति समेत तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सफीदों निवासी कंवलजीत की पत्नी दिवेंद्र कौर को जहर के प्रभाव में सफीदों के नागरिक अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालात देख पीजीआई रेफर कर दिया लेकिन परिजन उसे पानीपत के निजी अस्पताल ले गए। महिला के हालात सुधरने पर उसने पुलिस को बताया कि उसके ससुरालीजन अक्सर उसके साथ झगड़ा करते हैं। सोमवार शाम को उसके पति कंवलजीत ससुर अंग्रेज, सास जोगेंद्र कौर ने उसे दबोच लिया और जहरीला पदार्थ उसके मुंह में डाल दिया। जिसके बाद उसके हालात खराब हो गए। शहर थाना सफीदों पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीनों के खिलाफ विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

