जींद : नकली कीटनाशकों की खेप पकड़ी, गाड़ी चालक पर मामला दर्ज
जींद, 19 सितंबर (हि.स.)। शहर थाना नरवाना पुलिस ने नामी कपंनी के कीटनाशकों के मार्का का दुरूपयोग कर नरवाना में नकली उत्पाद बाजार में स्पलाई की कोशिश करने पर गाड़ी चालक के खिलाफ धोखाधड़ी, कॉपी राइट एक्ट समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कीटनाशक कंपनी के नुमाइंदे बाबी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि नरवाना मार्केट में कंपनी के नकली कीटनाशक उत्पाद को गाड़ी में स्पलाई के लिए लाया गया है। सूचना पाकर जब वे नरवाना की लोहा मंडी में पहुंचे तो पंजाब नंबर की गाड़ी खड़ी मिली। जिस पर गांव कुलतारन निवासी अजय चालक था। जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें पांच पेटी उनकी कंपनी मार्का की नकली कीटनाशक थी। चार पेटियों मेें 49 लीटर नकली कीटनाशक बोतल थी। जबकि एक पेटी में दूसरी कीटनाशक की 46 बोतल थी। कीटनाशकों की पेटियों को कट्टे में डाला गया था। जांचने पर कीटनाशक उत्पाद नकली पाए गए।
सूचना के आधार पर कृषि विभाग की टीम ने कीटनाशकों के सैंपल लिए। जिन्हें जांच के लिए लैबोरट्री भेजा गया है। आरोपित चालक बरामद हुई कीटनाशक को लेकर कोई दस्तावेज प्रस्तुत नही कर सका। शहर थाना नरवाना पुलिस ने कपंनी नुमाइंदे बाबी की शिकायत पर पर गाड़ी चालक अजय के खिलाफ धोखाधड़ी, कापी राइट एक्ट समेत विभिन्न भारतीय न्याय सहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शनिवार को जानकारी देते हुए शहर थाना नरवाना के जांच अधिकारी गुरपाल सिंह ने बताया कि कंपनी के नुमाइंदे ने नकली उत्पाद स्पलाई करने की शिकायत दी थी। फिलहाल गाड़ी चालक के खिलाफ मामला दर्ज की लिया गया है। मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

