सोनीपत: गंड़ासी से हमले का आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजा
सोनीपत, 28 फ़रवरी (हि.स.)। सोनीपत पुलिस ने तेजधार हथियार से हमला कर गम्भीर चोट पहुंचाने के मामले में
संलिप्त आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना सदर गोहाना की पुलिस टीम ने कार्रवाई करते
हुए आरोपी गांव महमूदपुर निवासी राहुल को काबू किया।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को गांव
महमूदपुर निवासी अमित ने थाना सदर गोहाना में शिकायत दी। शिकायत में बताया कि उसने
एक माह पहले अपनी गाड़ी राहुल को बेची थी, जिसके 10 हजार रुपये बकाया थे। राहुल ने
रुपये देने के बहाने उसे अपने घर बुलाया। अमित अपने चचेरे भाई हिमांशु के साथ उसके
घर पहुंचा। आरोप है कि वहां पहुंचते ही राहुल ने गाली-गलौच शुरू कर दी और गंड़ासी से
अमित के सिर पर दो-तीन वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से वह बेहोश हो गया।
घायल हिमांशु को तुरंत नागरिक अस्पताल गोहाना ले गया।
प्राथमिक उपचार के बाद
चिकित्सकों ने उसे खानपुर स्थित पीजीआई के लिए रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज चला। शिकायत
में जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मामला दर्ज किया गया। मामले
की जांच कर रहे उपनिरीक्षक रत्तन सिंह ने पुलिस टीम के साथ कार्रवाई करते हुए आरोपी
को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसे शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से
न्यायालय के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

