पानीपत: ई रिक्शा चालक की हत्या के आरोप में पांच गिरफ्तार
पानीपत, 01 जुलाई (हि.स.)। पानीपत के पुलिस ने गंगाराम कॉलोनी में 50 हजार रूपए के विवाद में ई रिक्शा चालक की पिटाई कर हत्या करने के आरोप में पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान गंगाराम कॉलोनी निवासी अजीत, मुकेश, सूरज, राजा तथा देवी नगर निवासी प्रिंस के रूप में हुई है।
थाना पुराना औद्योगिक प्रभारी सब इंस्पेक्टर विनोद ने बुधवार को बताया कि आरोपियों में नामजद फरार अपने अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर सूरज की हत्या करना स्वीकार कर लिया है। आरोपी अजीत ने पूछताछ में पुलिस को बताया गंगाराम कॉलोनी में उसने किराए की दुकान में ऑफिस किया हुआ है। ऑफिस पर अक्सर सूरज भी उनके साथ बैठता था। उसने ऑफिस में 50 हजार रूपए रखे थे। पैसे सूरज उठाकर ले गया था। उसके कई बार कहने पर भी सूरज ने पैसे नहीं दिए। 29 जून को उसने अपने साथी आरोपी प्रिंस, मुकेश, सूरज, राजा व फरार अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर सूरज को मजा चखाने की साजिश रची और ऑफिस पर बुलाकर डंडों व लात घुस्सों से पिटाई की।
उसके हाथ परने से बांध दिए और मुंह में पानी डाल दिया। सूरज बेसुध हो गया और वे दुकान पर ताला लगाकर मौके से फरार हो गए थे। पुलिस ने गिरफ्तार पांचों आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया जहां से दो आरोपी मुकेश व सूरज को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया और आरोपी अजीत, प्रिंस व राजा को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में शामिल फरार आरोपियों के ठीकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

